5 Dariya News

राज्यपाल आचार्य देवव्रत की नितिन गडकरी से भेंट

5 Dariya News

नई दिल्ली 14-Jul-2017

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गत सायं नई दिल्ली में केन्द्रीय सड़क यातायात एवं राष्ट्रीय उच्च मार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की।राज्यपाल ने आधा घंटे चली इस बैठक में राज्य से सम्बन्धित विभिन्न विकासात्मक मामलों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने मंत्री को राज्य में सड़क प्रणाली की स्थिति के बारे अवगत करवाया।राज्यपाल ने श्री गडकरी को बताया कि पहाड़ी राज्य में सड़क लोगों के लिए जीवन के लिए महत्वपूर्ण है तथा लोगों व उनकी गतिविधियां पूर्ण रूप से सड़क सुविधा पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नई सड़कों का निर्माण व रख-रखाव मुश्किल होता है, इसलिए पहाड़ी क्षेत्रों को सड़क सुविधा के लिए उदारतापूर्वक निधि प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने मंत्री से राज्य में सड़क अधोसंरचना के विकास के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह किया।श्री नितिन गडकरी ने कहा कि एनडीए सरकार ने हिमाचल के लिए अनेक सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी विकास की गति को इसी तरह कायम रखा जाएगा।