5 Dariya News

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रामशहर में उप सब्जी मण्डी खोलने की घोषणा

5 Dariya News

नालागढ़ (सोलन) 12-Jul-2017

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान राजकीय प्राथमिक स्कूल मेसी-प्लासी तथा बकौंता को मिडल स्कूल में स्तरोन्नत करने भाटियां में आयुर्वेदिक औषधालय तथा रामशहर में उप सब्जी मण्डी खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री आज सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के रामशहर में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा उन्हे सत्ता में आने में सबसे बड़ी बाधा मानती हैं तथा इस कारण वह चिंतित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं को दिन-रात उन्हीं के स्वप्न आते हैं तथा भारी कोशिश के बाबजूद भी वे कभी अपने बुरे उद्देश्यों में सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि कुछ केन्द्रीय मंत्रियों के कहने पर राज्य भाजपा नेता उनके खिलाफ तीन केन्द्रीय अनुवेषण एजेंसियों द्वारा आयकर रिर्टन की जांच के मामलों पर लोगों को उनके खिलाफ भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन पर चलाये जा रहे एकमात्र आयकर के मामले में तीन केन्द्रीय अनुवेषण एजेंसियां का जांच करना असंगत है। उन्होंने पार्टी के भीतर छुपे कुछ विश्वासघात व्यक्तियों को भाजपा के साथ गठ-जोड़ करने की कोशिशों पर चेतावनी दी। 

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को जनता के समाने लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग ऐसे मौका परस्त लोगों से भली-भांति परिचित है तथा यह लोग, लोगों के कल्याण के प्रति काम करने की बजाय अपने निजी हितों को पूर्ण करने में लगे रहते हैं।उन्होंने जन प्रतिनिधियों से लोगों के कल्याण के लिए समर्पण की भावना से कार्य करने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में नालागढ़ व दून क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब क्षेत्र में पानी की भारी कमी थी तथा बेहतर शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थान भी नहीं थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने ऐसे क्षेत्रों की ओर विशेष ध्यान दिया तथा सिंचाई सुविधाआें के अतिरिक्त स्वास्थ्य संस्थानों को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा प्रदेश में अनेक शिक्षण संस्थान खोलने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की जा रही है, लेकिन भाजपा यह समझने में असमर्थ है कि बढ़ती जनसंख्या के कारण यह संस्थान खोलने आवश्यक हैं, तथा कांग्रेस सरकार भविष्य में लोगों की जरूरतों को भी ध्यान में रख रही है। उन्होंने कहा कि यह सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस सरकार ही लोगों की सच्ची हितैषी है। लोगों के प्यार व सम्मान के कारण ही वह प्रदेश के छठीं बार मुख्यमंत्री बन पाए हैं। उन्होंने पंजेरा में विधानसभा क्षेत्र के चंगर  क्षेत्र के पंजेरा में उप तहसील खोलने पर सैद्धांतिक सहमति दी। 

पूर्व विधायक व हि.प्र. कांग्रेस समिति के कार्यकारी सदस्य लखविन्द्र राणा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री की नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में किए गए अपार विकास कार्यों के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के शासनकाल के दौरान हमेशा ही क्षेत्र की अनदेखी हुई है। उन्होंने कहा कि कृपालपुर में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा और अन्य विकास कार्यों की जानकारी दी। अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष हरदीप बावा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा स्थानीय प्रधान द्वारा रखी गई मांगों का समर्थन किया। उन्होंने रामशहर में तहसील कार्यालय खोलने का आग्रह किया। उन्होंने वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में हुए अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी। बावा ने मुख्यमंत्री का क्षेत्र में लगभग 76 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजना के लोकार्पण करने के लिए आभार व्यक्त किया।रामशहर ग्राम पंचायत के प्रधान श्री वीरेन्द्र शर्मा ने इस अवसर पर क्षेत्र की कुछ मांगे मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।उद्योग मंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक श्री राम कुमार, कृषि उत्पाद विपणन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सुभाष मंगलेट, हि. प्र. कांग्रेस समिति के महासचिव श्री विनोद सुल्तानपुरी, जिला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष श्री राहुल ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष श्री रमेश ठाकुर, हि. प्र. पर्यटन विकास निगम निदेशकमण्डल के सदस्य श्री सुरेन्द्र सेठी, राज्य पशुपालन बोर्ड के सदस्य श्री राजेन्द्र ठाकुर, उपायुक्त श्री राकेश कंवर तथा पुलिस अधीक्षक श्री बेशर सिंह व अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।