पालमपुर का सर्वांगीण और समान विकास प्राथमिकता : बृज बिहारी लाल बुटेल
ग्वालटिक्कर के विकास को दिये 14 लाख
5 Dariya News (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 09-Jul-2017
विधान सभा अध्यक्ष, बृज बिहारी लाल बुटेल ने रविवार को जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत पालमपुर हलके की ग्राम पंचायत ग्वालटिक्कर का दौरा किया। उन्होंने इस अवसर पर पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और लोगों की समस्याओं निराकरण किया।यहां लोगों को संबोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि पालमपुर हलके का सर्वांगीण और समान विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्हांेने बताया कि ग्वालटिक्कर पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों के लिए अबतक 14 लाख रुपये जारी किये गये हैं और शेष विकास कार्यों के लिए भी धनराशी का प्रावधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रम के माध्यम से वे हलके कि प्रत्येक पंचायत का दौरा स्वयं कर पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र का दौरा करने से विकास कार्यों में तेजी आने के साथ-साथ उन्हें लोगों से रू-ब-रू होकर उनकी मांगों को जानने का अवसर प्राप्त होता है।उन्होंनें कहा कि महिला मण्डल भवन कण्ड के निर्माण के लिए धनराशी उपलब्ध करवा दी जायेगी तथा स्थानीय राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने बोहल मंदिर और पंचायत को सोलर लाईटें तथा वर्षाशालिका निर्माण की घोषणा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कण्ड से ग्वालटिक्कर तक अक्तूवर माह से टारिंग करने तथा आईपीएच विभाग को क्षेत्र की पुरानी पेयजल पाईपों को बदलने के आदेश दिये, जिससे लोगों को सुचारू पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि ग्वालटिक्कर के लिए आयुवेर्दिक औषधालय भी स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क से टिक्कर गांव तक सड़क को भी पक्का करवाने के प्रयास किया जायेगा, जिससे लोगों को आवाजाही की बेहतर सुविधा प्राप्त हो सके।इससे पहले गुरू पूर्णिमा के अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ने कण्डवाडी स्थित महाअवतार मेडीटेशन ट्रस्ट आश्रम में आयोजित यज्ञ में भाग लिया और बावा योगीराज अमरज्योति से आर्शीवाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष मदन दीक्षित, नगर परिषद पालमपुर के उपाध्यक्ष बलवंत ठाकुर, महासचिव रोशन लाल चौधरी, स्थानीय ग्राम पंचायत के उपप्रधान कुलदीप चंद, संतोष ठाकुर, रोशन लाल, अशोक कुमार सहित एसएचओ बैजनाथ तिलक राज और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।