इंडिगो ने एयर इंडिया की हिस्सेदारी खरीदने में दिखाई दिलचस्पी : अशोक गणपति राजू
5 Dariya News
नई दिल्ली 29-Jun-2017
सरकार ने गुरुवार को कहा कि किफायती एयरलाइंस इंडिगो ने सरकारी एयरलाइंस एयर इंडिया की हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। नागरिक विमानन मंत्री अशोक गणपति राजू ने आईएएनएस को बताया, "एयर इंडिया में इंडिगो ने दिलचस्पी दिखाई है और मंत्रालय से इस संबंध में आधिकारिक रूप से संपर्क किया है।"उन्होंने कहा, "अन्य एयरलाइनों ने भी एयर इंडिया को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है, लेकिन अभी तक उनका आधिकारिक प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।"टाटा समूह द्वारा सरकारी एयरलाइंस को खरीदने के प्रस्ताव के बारे में मंत्री ने कहा, "उन्हें ऐसे किसी प्रस्ताव की जानकारी नहीं है।"राजू ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी प्राप्त समिति एयर इंडिया के विनिवेश के लिए विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी और एयरलाइन के वित्तीय स्वास्थ्य के लिए सबसे अच्छा निर्णय लेगी।