5 Dariya News

नितिन गडकरी का राज्यों से क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने का आग्रह

5 Dariya News

नई दिल्ली 27-Jun-2017

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को राज्य सरकारों से अपने पर्यटन आकर्षण को विकसित करने तथा उसका विपणन करते हुए क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने का आग्रह किया और कहा कि इससे अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और लाखों रोजगार पैदा होंगे। भारत में क्रूज पर्यटन के विकास के लिए कार्य योजना पर राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री ने कहा कि भारत में प्रति वर्ष 700 क्रूज जहाजों को संचालित करने की क्षमता है, और इस साल 158 जहाजें संचालित की गई हैं।उन्होंने कहा कि क्रूज उद्योग 10 लाख क्रूज यात्रियों के जरिए 2.5 लाख से ज्यादा नौकरियां पैदा कर सकता है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

गडकरी ने कहा, "क्रूज टर्मिनलों को पांच प्रमुख बंदरगाहों -मुंबई, गोवा, कोचीन, मैंगलोर और चेन्नई- में विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 111 इनलैंड जलमार्गों की परिवहन क्षमता का भी लाभ उठाया जाएगा। इस साल के अंत तक 10 अंतरदेशीय जलमार्गों के विकास का काम शुरू हो जाएगा, जिसमें गंगा और ब्रह्मपुत्र नदियां शामिल हैं।"गडकरी ने कहा कि देश में क्रूज पर्यटन पर एक कार्य योजना तैयार करने के लिए एक वैश्विक कंसल्टैंट की मदद ली गई है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए नौपरिवहन सचिव और पर्यटन सचिव की अध्यक्षता में संयुक्त कार्यबल का गठन किया गया था।इस अवसर पर पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा भी मौजूद थे।