5 Dariya News

कोच्चि-मंगलुरू पाइपलाइन अगले वर्ष तक पूरी होगी : अनंत कुमार

5 Dariya News

बेंगलुरू 18-Jun-2017

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने रविवार को कहा कि केरल के कोच्चि से मंगलुरू तक प्राकृतिक गैस की पाइपलाइन बिछाने का काम अगले वर्ष तक पूरा हो जाएगा। अनंत ने यहां सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से कहा, "मैंने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान से प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने की प्रगति पर बात की है। उन्होंने मुझे आश्वस्त किया है कि काम अगले वर्ष तक पूरा हो जाएगा।"गेल इंडिया को 358.7 किलोमीटर लंबी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने की जिम्मेदारी दी गई है। केरल सरकार द्वारा रास्ता देने में विलंब करने के कारण परियोजना को समस्याओं का सामना करना पड़ा है।

अनंत ने कहा कि समस्या सुलझा ली गई है और केरल सरकार रास्ता देने के लिए राजी हो गई है। इस पाइपलाइन के पूरा होने पर मंगलुरू रसायन एवं उर्वरक लिमिटेड का यूरिया संयंत्र प्राकृतिक गैस से संचालित हो सकता है।अनंत ने कहा, "3,000 करोड़ रुपये की परियोजना 2008 से लटकी हुई है। यदि यह पूरी हो गई तो तटीय इलाकों को लाभ होगा। मंगलुरू रसायन एवं उर्वरक लिमिटेड का यूरिया संयंत्र प्राकृतिक गैस से संचालित हो सकता है, जो इस समय सदियों पुराने और अत्यंत कच्चे ईंधन नाफ्था से संचालित होता है।"