5 Dariya News

पूर्वोत्तर की प्रगति बिना भारत का विकास नहीं : सुमित्रा महाजन

5 Dariya News

इंफाल 15-Jun-2017

पूर्वोत्तर क्षेत्र राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के पांच दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने गुरुवार को कहा कि पूर्वोत्तर के विकास के बिना भारत का विकास नहीं कर सकता। मणिपुर विधानसभा हॉल में सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुमित्रा ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है और इसका एक रणनीतिक आयाम है, क्योंकि यह देश का सीमा रक्षक है।उन्होंने कहा, "पूर्वोत्तर के विकास के बिना भारत कभी विकास नहीं कर सकता।" सुमित्रा ने कहा, "म्यांमार के जरिए व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने से दक्षिणपूर्व एशियाई देशों के साथ एक अच्छा संपर्क स्थापित होगा। इससे पूर्वोत्तर के राज्यों को फायदा होगा।"उन्होंने क्षेत्र के सर्वागीण विकास के लिए शांति व विकास के महत्व को भी रेखांकित किया और कहा कि द एक्ट ईस्ट पॉलिसी का एक सांस्कृतिक व सुरक्षा का भी आयाम है।उन्होंने कहा, "मणिपुर की एक संपन्न विरासत है और यह रासलीला का जन्मस्थान है। इस राज्य ने अंतर्राष्ट्रीय प्रसिद्धि वाले खिलाड़ियों को पैदा किया है।"मणिपुर के उप मुख्यमंत्री वाई. जॉयकुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वोत्तर के राज्य कई साझा समस्याओं का सामना करते हैं, इसमें भूस्खलन जैसी समस्याएं शामिल हैं।उन्होंने कहा, "औद्योगिक इकाइयों के लिए पर्याप्त बिजली नहीं है। असम को छोड़कर निजी क्षेत्र एक दयनीय हालत में है।"इस सम्मेलन में पूर्वोत्तर के अध्यक्ष, उप सभापति व कई चुने हुए सदस्य भाग ले रहे हैं। यह 18 जून को संपन्न होगा। इसका विषय 'नार्थ ईस्ट एंड लुक ईस्ट पॉलिसी' है।