5 Dariya News

मध्यप्रदेश किसान आंदोलन 10 दिन में 132 वाहन, 10 थानों को नुकसान

5 Dariya News

भोपाल 10-Jun-2017

मध्यप्रदेश में दस दिन चले किसान आंदोलन में हुई हिंसा से जान-माल की काफी क्षति हुई है। एक जून से आठ जून तक किसान आंदोलन से जुड़े 130 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन आपराधिक प्रकरणों के उपद्रवियों द्वारा 104 निजी वाहन (दो पहिया, चार पहिया, बस, ट्रक आदि) तोड़े या जलाए गए, 28 शासकीय वाहन जलाए गए तथा तीन थाने व सात चौकियों या सहायता केंद्रों को नुकसान पहुंचाया गया। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, इसके अलावा उपद्रवियों द्वारा देवास में शासकीय आवास एवं अन्य भवनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। घटनाक्रम में 93 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं।आंदोलन के दौरान मंदसौर में पुलिस की कार्रवाई में छह किसानों की जान गई है, वहीं पुलिस ने 156 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया है। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी हुई है।