5 Dariya News

चंडीगढ़ में विस्तारक योजना का विस्तार करें कार्यकर्ता :अमित शाह

पार्टी पदाधिकारियों को दिए संगठन विस्तार के निर्देश , तीन साल की उपलब्धियों पर जल्द निकालें पत्रिका

5 Dariya News

चंडीगढ़ 20-May-2017

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चंडीगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी के अवसर पर शुरू की गई पार्टी विस्तारक योजना का विस्तार करने के निर्देश देते हुए कहा कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करते हुए यूनिट का गठन करना ही पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का पहला कत्र्तव्य होना चाहिए।अमित शाह आज यहां पार्टी कार्यालय में चंडीगढ़ प्रवास के दौरान पार्टी के तमाम पदाधिकारियों, पार्षदों, जिला अध्यक्षों, महासचिवों, मोर्चा अध्यक्षों एवं विभिन्न मोर्चों के महासचिवों, मंडल अध्यक्षों, सरपंचों तथा पंचायत प्रतिनिधियों, मार्केट कमेटी निदेशक,विस्तारक योजना के भागीदारों, प्रकल्प तथा विभाग समीतियों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।अमित शाह ने कहा कि किसी भी पार्टी के लिए उसके कार्यकर्ता रीढ़ की हड्डी के समान होते हैं। कार्यकर्ताओं के बल भारतीय जनता पार्टी आज 11 करोड़ सदस्यों के साथ देश में सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई है। 

अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वह एक बूथ पर कम से कम 15 सदस्य बनाने का फैसला करके विस्तारक के रूप में समय दें।उन्होंने कहा की शहरी क्षेत्र के विस्तारक को एक बूथ पर कम से एक दिन तथा ग्रामीण क्षेत्र में विस्तारक को कम से तीन दिन एक बूथ पर व्यतीत करना चाहिए।चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की स्थानीय इकाई को बधाई देते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर चंडीगढ़ यूनिट द्वारा एक पत्रिका निकाली जाए, जिसमें केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ स्थानीय सांसद द्वारा करवाए गए विकास कार्यों तथा नगर निगम में भाजपा के सत्ता में आने के बाद करवाए गए विकास कार्यों का ब्यौरा दिया जाए। अमित शाह ने कहा कि यह पत्रिका चंडीगढ़ के प्रत्येक घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ताओं की होनी चाहिए।अमित शाह ने पार्टी पदाधिकारियों से अपील की कि वह पार्टी की विचारधारा के साथ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी जोडऩे का काम करें। उन्होंने कहा कि यह समय आराम करने का नहीं बल्कि काम करने का है। शाह ने पार्टी नेताओं को कहा कि वह अधिक से अधिक समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनें और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दें।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र में सरकार बनने के बाद भाजपा ने अब तक कुल 107 योजनाएं देशभर में लागू की हैं। इन योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी पार्टी के नेताओं,पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की है। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष संजय टंडन ने अमित शाह का यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि जिस तरह से नगर निगम चुनाव के समय राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे ने चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं में जोश भरा था और पार्टी चुनाव जीती थी। ठीक उसी तरह से आज का यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेगा और पार्टी कार्यकर्ता सदस्यता अभियान और विस्तारक योजनाओं को पूरे जोश के साथ आगे बढाएंगे। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल, पार्टी महामंत्री डॉ.अनिल जैन, चंडीगढ़ प्रभारी प्रभात झा, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व सांसद सुधा यादव, चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर, चंडीगढ़ की मेयर आशा जयसवाल,पार्टी महासचिव चंद्रशेखर, मीडिया विंग के प्रभारी रविंद्र पठानिया समेत कई नेता मौजूद थे।

दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का किया अनावरण

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज चंडीगढ़ कार्यालय में पहुंचकर महान प्रचारक और अपने विचारों के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी को नई दिशा प्रदान करने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके अलावा उन्होंने बाबू श्री चंद गोयल आडिटोरियम और नानाजी देशमुख लाईब्रेरी तथा राजेश गुप्ता मीडिया कक्ष का भी उदघाटन किया।