5 Dariya News

गोवा पुल हादसा : एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या 2 हुई

5 Dariya News

पणजी 19-May-2017

दक्षिण गोवा में पैदल पुल ढहने से मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर दो हो गई। गोताखोरों ने शुक्रवार को एक और शव बरामद किया, जिसकी पहचान झारखंड निवासी 28 वर्षीय प्रकाश इक्का के रूप में की गई है। हादसा गुरुवार शाम यहां से 45 किलोमीटर दूर कुचरेरम गांव में संवोर्देम नदी पर बने पुराने व जीर्ण-शीर्ण पुल के ढह जाने के कारण हुआ था। 30-35 लोगों को गुरुवार को ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।बचाव कार्य शुक्रवार को एक बार फिर शुरू हुआ, जिसमें गोताखोरों ने प्रकाश का शव नदी से बाहर निकाला। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।इस पुल का इस्तेमाल पैदल आवाजाही के लिए होता था और यहां बड़ी संख्या में लोग एक व्यक्ति द्वारा आत्महत्या के लिए नदी में छलांग लगा दिए जाने के बारे में सुनकर एकत्र हुए थे। इसी बीच अचानक पुल ढह गया और लोग नदी में जा गिरे।फिलहाल इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं है कि कितने लोग लापता हैं?

दक्षिण गोवा के पुलिस अधीक्षक एस. प्रभुदेसाई ने कहा कि बचाव कार्य में नौसेना, तटरक्षक और एक निजी जीवनरक्षक एजेंसी के गोताखोर लगे हुए हैं। वे नदी में लापता लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।प्रभुदेसाई ने कहा, "हम प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर लापता लोगों की संख्या का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।"बचाव कार्य में नौसेना के गोताखोर भी शामिल हैं। हालांकि नदी में कुछ मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण इसमें थोड़ी बाधा आ रही है।नौसेना के मुताबिक, "स्थानीय लोगों ने मगरमच्छों को देखा है। मगरमच्छों पर अलग से नजर रखी जा रही है। चेतक हेलीकॉप्टर को भी बचाव कार्य में लगाया गया है।"केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुरुवार देर रात ट्वीट कर कहा था कि उन्होंने इस मामले में गोवा के मुख्मयंत्री से बात की है और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।