5 Dariya News

छत्तीसगढ़ : 300 डेटोनेटर, 150 जिलेटिन रॉड व 100 मीटर कोर्डेक्स वायर बरामद

5 Dariya News

जगदलपुर (छत्तीसगढ़) 18-May-2017

छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस को विस्फोटक सामग्री का जखीरा पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने सुकमा जिले से 300 डेटोनेटर, 150 जिलेटिन रॉड सहित 100 मीटर कोर्डेक्स वायर बरामद किया है। माना जा रहा है कि नक्सली इससे बड़ी वारदात करने की फिराक में थे। जगदलपुर पुलिस कंट्रोल रुम में पत्रकार वार्ता के दौरान बस्तर पुलिस अधीक्षक आरिफ एच. शेख ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर यह पता चला था कि कुछ व्यक्ति संदिग्ध हालत में झीरम घाटी की टेकरी के पास देखे गए हैं, जो पुलिस दल को देखकर भाग रहे थे। घेराबंदी कर इन्हें पकड़ा गया है।उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में मलकानगिरी निवासी कोर्रा चाडी व सुकमा निवासी विजय विश्वास शामिल हैं। इनके पास से 60 जिलेटिन रॉड, 100 डेटोनेटर और 15 फीट कोर्डेक्स वायर जब्त किया गया है। 

पुलिस अधीक्षक ने बताया, "जब इन आरोपियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि विस्फोटक सामग्री ओडिशा के मलकानगिरी निवासी दाउद नक्का से खरीदी गई है। इस जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीओपी भानपुरी निमेश बरैय्या और उनकी टीम को मलकानगिरी भेजा गया। टीम ने सुकमा जिले के ग्राम झापरा से दाउद नक्का को गिरफ्तार कर लिया। दाउद के पास से 150 जिलेटिन रॉड, 200 डेटोनेटर और चार बंडल कोर्डेक्स वायर जब्त किया गया।"उन्होंने कहा कि दाउद विस्फोटक सामग्री को तेलंगाना राज्य के महबूबनगर निवासी राहगिरा से खरीदता था।आरोपी दाउद ने पत्रकारों को चर्चा के दौरान बताया कि वह इस विस्फोटक का प्रयोग मछली पकड़ने के लिए करता है। साथ ही यह भी बताया कि मलकानगिरी क्षेत्र में आसानी से यह उपलब्ध हो जाता है और काफी लोग इसे मछली पकड़ने के लिए उपयोग करते हैं।मामले को बेहद गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि एक जिलेटिन रॉड, एक एंटी-लैंडमाइन को उड़ाने के लिए पर्याप्त है और इतनी बड़ी संख्या में इनका मिलना बस्तर पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी।