5 Dariya News

हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है भाजपा सरकार : मनीष तिवारी

5 Dariya News

नई दिल्ली 17-May-2017

कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए कोई भी पैमाना बना लीजिए, यह हर मोर्चे पर पूरी तरह असफल साबित हुई है। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने यहां पत्रकारों से कहा कि किसी भी सरकार के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए सर्वमान्य पांच पैमाने हैं और भाजपा की सरकार उन सभी पर खरी नहीं उतर सकी है।उन्होंने कहा कि यह पांच पैमाने सामाजिक एकजुटता, आंतरिक सुरक्षा, आर्थिक विकास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध और संस्थाओं के प्रति प्रतिबद्धता हैं।तिवारी ने कहा, "इन सभी पैमानों पर केंद्र सरकार का रिपोर्ट कार्ड सफाचट है।"

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षो के दौरान सामाजिक एकजुटता और सामाजिक संतुलन बिल्कुल ही नदारद रहा है।तिवारी ने कहा, "इसका प्राथमिक कारण यह है कि यह सरकार भारत के राष्ट्र निर्माण के सिद्धांतों में एक देश के रूप में भारत के विचार में विश्वास ही नहीं करती। यह खाने-पीने की आजादी पर हमलों, पहनने-ओढ़ने की आजादी पर हमलों, भयमुक्त जीवन जीने की आजादी पर हमलों से दिखता है।"आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा को निशाना बनाते हुए तिवारी ने कहा कि कश्मीर मसले पर असफलता सभी के सामने हैं।उन्होंने कहा, "वैचारिक रूप से दो भिन्न धाराओं के राजनीतिक दलों- भाजपा और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी)- के बीच गठबंधन बुरी तरह असफल हुआ है।"तिवारी ने कहा कि सरकार के पास वाम चरमपंथियों से निपटने की भी कोई सुसंगत रणनीति नहीं है।

उन्होंने कहा, "इनकी सरकार के बीते 36 महीनों के दौरान आप सबने देखा कि उनकी रणनीतियां असफल हुई हैं, जिसके कारण लगातार लोगों की जान जा रही है।"आर्थिक विकास के मामले में भी भाजपा की केंद्र सरकार को असफल बताते हुए तिवारी ने कहा कि देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) विकास दर 7.9 फीसदी से घटकर 7.1 फीसदी पर आ चुका है।उन्होंने कहा, "जीडीपी आंकड़े निकालने के लिए आधार वर्ष के साथ किए गए करतब को छोड़ भी दें तो भारत की अर्थव्यवस्था वास्तव में 5.1 फीसदी की दर से विकास कर रही है।"