5 Dariya News

राम सिंह बराड़ ने इनेलो चीफ मीडिया को-ओर्डिनेटर व मीडिया प्रभारी पद से दिया इस्तीफा

पिछले 18 सालों से इनेलो के मीडिया प्रभारी का पद संभाल रहे थे राम सिंह बराड़, प्रो. हरबंस सिंह को दी गई इनेलो के चीफ मीडिया को-ओर्डिनेटर की जिम्मेदारी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 17-May-2017

इनेलो के मीडिया प्रभारी व चीफ मीडिया को-ओर्डिनेटर राम सिंह बराड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पिछले 18 सालों से पार्टी के मीडिया प्रभारी का पद संभाल रहे वरिष्ठ पत्रकार राम सिंह बराड़ इनेलो सरकार के समय 1999 से 2005 तक मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के मीडिया सलाहकार के पद पर रहने के अलावा अब तक निरंतर पार्टी के मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने निजी कारणों से अपने पद से त्यागपत्र देते हुए त्यागपत्र की प्रति इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा व नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला को सौंपते हुए इसे तुरंत स्वीकार किए जाने का आग्रह किया।

 इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने राम सिंह बराड़ के अपने पद से त्यागपत्र दिए जाने की पुष्टि करते हुए श्री बराड़ की ओर से पार्टी को 18 साल तक दी गई सेवाओं की सराहना करते हुए बताया कि बराड़ ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है, जिसे मंजूर कर लिया गया है और अब उनके स्थान पर प्रो. हरबंस सिंह को पार्टी के चीफ मीडिया को-ओर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है। राम सिंह बराड़ ने भी अपने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए बताया कि भविष्य में वे कुछ किताबें लिखने व एक सक्रिय पत्रकार के तौर पर काम करने की ओर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं इसलिए उन्होंने पार्टी के सभी पदों से त्यागपत्र दिया है।