5 Dariya News

एसवाईएल के रास्ते में भाजपा ही बड़ी रुकावट : अभय चौटाला

नेता प्रतिपक्ष ने दादरी में पार्टी के नए जिला कार्यालय का किया उद्घाटन

5 Dariya News

दादरी 13-May-2017

इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा ने झूठे वायदे कर सत्ता हथियाने का काम किया और सत्ता में आने के बाद किसानों, श्रमिकों, युवाओं सहित हर वर्ग से वादाखिलाफी की है। जिससे लोगों में भारी रोष है और लोग भाजपा को सबक सिखाने के लिए चुनाव के इंतजार में है। इनेलो नेता ने कहा कि केंद्र में तीन और प्रदेश में भाजपा सरकार को अढ़ाई साल का समय हो चुका है लेकिन इस दौरान विकास के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया बल्कि हजारों युवाओं से रोजगार जरूर छीना है। नेता प्रतिपक्ष ने शनिवार को दादरी में पार्टी के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद बतौर मुख्य अतिथि वहां उपस्थित कार्यकत्ताओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। अभय सिंह चौटाला ने नवनियुक्त इनेलो जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका को बधाई देते हुए वहां मौजूद सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का भी आह्वान किया।

इनेलो नेता ने कहा कि आज प्रदेश की जनता बिजली-पानी के लिए हाहाकार मचा रही है और भाजपाई वातानुकूलित कमरों में आराम फरमा रहे हैं। एकमात्र इनेलो ही ऐसा राजनीतिक दल है जो धरातल पर काम करता है। स्व. चौ. देवीलाल ने जीवन पर्यंत लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनीं और दूर करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना व जनधन योजना के तहत लोगों को बरगलाने का काम किया है। किसानों की जेबों से जबरन राशि वसूल कर चहेते पूंजीपतियों के घर भरने का काम किया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एसवाईएल के रास्ते में भाजपा ही सबसे बड़ी रुकावट है। 

चौ. देवीलाल से लेकर आज तक इनेलो हर मंच पर एसवाईएल की लड़ाई मजबूती से लड़ती आई है। इनेलो हर हाल में एसवाईएल का पानी लाकर रहेगी। उन्होंने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि 9 जुलाई तक यदि कोई कदम नहीं उठाया गया तो अगले दिन यानि 10 जुलाई को इनेलो पंजाब को आने-जाने वाले सभी वाहन बंद कर देगी और सांकेतिक धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी सरकार नहीं चेती तो किसी भी बड़े आंदोलन से इनेलो पीछे नहीं हटेगी।इस अवसर पर दादरी के नवनियुक्त इनेलो जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, दादरी से विधायक राजदीप फौगाट, पूर्व विधायक कर्नल रघबीर सिंह छिल्लर, पूर्व विधायक रणबीर मंदौला, सज्जन बलाली, राजेश सांगवान झोझू, हलकाध्यक्ष रामनिवास मिर्च, नितिन जांघु, बबलू श्योराण, महेंद्र जाखड़, द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फौगाट बलाली, पं. मनफूल शर्मा रावलधिया, महेंद्र शास्त्री, लक्ष्मी बलौदा, एडवोकेट दरियाव सिंह, प्रभुराम गोदारा, अवतार सांगवान, धनसिंह कारी, मेहरचंद्र एडवोकेट, राजेश फौगाट, बालकिशन शर्मा बौंद, धर्मराज ढाणी, सुबे सिंह अटेला, रिसाल सिंह धनासरी, विजय मंदौला, जयसिंह पातवान, वजीर मान, सुरेंद्र राठी, आनंद पार्षद, जयसिंह लांबा, रमेश वर्मा, भूपेंद्र बौंद, रामफल मकड़ाना, राजेंद्र हुई, बलदेव घणघस, छत्र सिंह ढाणी, अशोक स्वामी, विकास मिश्रा, ऋषिपाल उमरवास, कुलदीप धनखड़, धर्मेंद्र बलकरा, लीलाराम डोहकी, आनंद बडराई, शशि शर्मा चरखी, राकेश कलकल, शशिप्रभा नांधा, ओमधारा श्योराण, मनीष छिल्लर, सुमित द्वारका, संजय, विकास, बब्लु चौधरी, मुकेश डालावास सहित अनेक प्रमुख इनेलो नेता व भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।