5 Dariya News

राष्ट्र निर्माण कार्यों में योगदान दें युवा: यूनुस

एनवाईके ने पतलीकूहल में किया आस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन

5 Dariya News

कुल्लू 11-May-2017

उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि युवा पीढ़ी को सकारात्मक सोच के साथ सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए और अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण कार्यों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वीरवार को पतलीकूहल में पंचायत समिति के हाल में नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित आस-पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने यह अपील की।उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और आम जनता को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने बताया कि एक मई से 31 मई तक जिले भर में भांग एवं अफीम उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा समाज के प्रत्येक वर्ग और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है। सभी युवा इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेकर इसे कामयाब बनाएं तथा जिला को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान दें। 

उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा युवाओं के लिए अनेक रोजगार कार्यक्रम आरंभ किए गए हैं। युवाओं को इन कार्यक्रमों व योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार को अपनाना चाहिए।इस मौके पर उपायुक्त का स्वागत करते हुए नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक लाल सिंह ने युवा संगठनों द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवी अपने-अपने क्षेत्रों में भांग व अफीम उन्मूलन अभियान में अपना योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम के बाद उपायुक्त के नेतृत्व में खंड विकास कार्यालय परिसर के आस-पास भांग उखाड़ो अभियान चलाया गया जिसमें कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवियों और पंचायत जनप्रतिनिधियों ने भांग के पौधे नष्ट किए। इस मौके पर बीडीओ विद्या देवी, जिला लीड बैंक मैनेजर एसएल शर्मा, बीडीसी के पदाधिकारी, पंचायत प्रधान और नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवी भी उपस्थित थे।