5 Dariya News

समानांतर विकास से ही होगा नक्सलवाद का खात्मा : हंसराज गंगाराम अहीर

5 Dariya News

सुकमा (छत्तीसगढ़) 04-May-2017

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज गंगाराम अहीर ने कहा कि माओवाद से प्रभावित सुकमा जिले में काम रहे अधिकारी, निर्माण कार्यों में लगे ठेकेदार जिम्मेदारी समझ कर कार्य करें। जिसकी जो भी समस्या है, उसका निदान किया जाएगा। समानांतर विकास से ही हम इस क्षेत्र को माओवाद से मुक्त कर सकते हैं। अहीर ने नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से रूबरू होने बैठक ली। बैठक में पुलिस बल, सीआरपीएफ व जिला स्तरीय अधिकारी शामिल थे। बैठक में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में अहीर ने कहा कि उन सभी बुनियादी बातों एवं समस्याओं को आगामी 8 तारीख को गृहमंत्रालय में आयोजित बैठक में अवगत कराया जाएगा कि माओवाद से प्रभावित इस जिले में विकास कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही सभी अड़चनों को कैसे दूर किया जाए।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विगत दिनों बुरकापाल में घटित घटना से पूरा देश चिंतित हैं। ढेड़ माह के अंतराल में इतनी बड़ी घटना से सभी व्याकुल और चिंतित हैं।