5 Dariya News

महिलाएं शक्ति का प्रतीक व समाज की आधारः सुजान सिंह पठानिया

महिलाओं को प्रत्येक क्षेत्र में अवसर उपलब्ध करवाने पर बल

5 Dariya News (विजयेन्दर शर्मा)

नई दिल्ली 05-May-2017

ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने आज नई दिल्ली में प्रेरणा फाउंडेशन द्वारा विकासशील देश अनुसंधान केन्द्र नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित महिला सशक्तिकरण विषय पर पहला प्रेरणा फाउंडेशन अवार्ड समारोह में हिमाचल प्रदेश व अन्य राज्यों के 44 प्रसिद्ध व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिये इंसपायर एस्पायर इंडिया पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर पठानिया ने कहा कि महिलाएं हमेशा ही शक्ति का प्रतीक व समाज का आधार रही हंै। उनकी माताओं, बहनों व बेटियों के रूप में परिवार के पालन पोषण में महत्वपूर्ण रहती है। यदि हम वर्तमान परिदृश्य में नज़र डाले तो ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है, जहां महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करवाई है। उन्होंने कहा कि कोई भी देश तब तक विकास के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता जब तक सभी की समान भागीदारी सुनिश्चित न हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसा वातावरण उपलब्ध करवाया जाना चाहिए, जहां वे अपनी इच्छा व स्वतंत्रता से निर्णय ले सकें।

मंत्री ने कहा कि गैर सरकारी संगठनों की सरकार की नीतियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने लोगों से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक नागरिक व मानव होने के नाते हमारा यह सामूहिक दायित्व बनता है कि जरूरतमंद व गरीब लोगों की सेवा के लिए आगे आएं।श्री पठानिया ने कहा कि युवा हमारे भारत के भविष्य निर्माता हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज व देश को सुदृढ़ करने के लिए सभी समाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। उन्होंने महिला सशक्तिकरण बारे जागरूक करने में भी योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला का सम्मान सुनिश्चित बनाना अति महत्वपूर्ण है और उन्हें राष्ट्र व घरों में बराबर के हिस्सेदार के रूप में सम्मान दिया जाना चाहिए।प्रेरणा फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती पूनम शर्मा ने मंत्री का स्वागत किया तथा फाउंडेशन की गतिविधियां बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों व गांवों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए विभिन्न व्यावसायों- सिलाई, ब्यूटीशियन इत्यादि में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदुढ़ बनाना, लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देना, रोजगार के समान अवसर उपलब्ध करवा कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ करना है ताकि वे सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें।इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के स्रोत व्यक्तियों ने भी महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार प्रस्तुत किए।