5 Dariya News

भाजपा में शामिल हुईं बरखा ने कहा, मर चुकी है कांग्रेस की विचारधारा

5 Dariya News

नई दिल्ली 22-Apr-2017

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की आलोचना करने के बाद पार्टी से निष्कासित की गईं दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने के बाद कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मर चुकी है। भाजपा में शामिल होने के बाद बरखा ने आईएएनएस से कहा, "मैं जमीनी स्तर पर काम करने के लिए भाजपा में शामिल हुई हूं।"बरखा ने कहा, "कांग्रेस में अपनी बात रखने के लिए कोई मंच नहीं था, जिससे मुझे वहां घुटन महसूस हो रही थी।"बरखा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दिल्ली के पार्टी प्रभारी श्याम जाजू की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुईं। इस मौके पर खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री विजय गोयल भी मौजूद रहे।भाजपा सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए बरखा सिंह ने कहा, "भाजपा बढ़िया काम कर रही है। भाजपा वह कर रही है जो पहले कभी कांग्रेस किया करती थी।"उन्होंने कहा, "लेकिन अब कांग्रेस की विचारधारा मर चुकी है..मैं जब दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष थी तब मैं ऐसी मुस्लिम महिलाओं से मिलती रहती थी, जो तीन तलाक से पीड़ित थीं। 

जब मैंने तीन तलाक पर सवाल खड़ा किया तो मेरी पार्टी (कांग्रेस) ने मुझसे इस मुद्दे से दूर रहने के लिए कह दिया। मोदीजी इस पर काम कर रहे हैं।"बरखा सिंह ने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी को इस संबंध में एक चिट्ठी लिखी थी।"श्याम जाजू ने बरखा का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा, "पूरे देश में लोग विकास की उम्मीद के साथ भाजपा को वोट दे रहे हैं और भाजपा की सरकारें जनता की आकांक्षाएं पूरी करने के लिए कठिन मेहनत कर रही हैं।"विजय गोयल ने भी बरखा सिंह की सराहना करते हुए कहा कि बरखा के पास महिलाओं के लिए काम करने का लंबा अनुभव है और उनके भाजपा में आने से 'महिला सशक्तीकरण के लिए काम करने वाली भाजपा की टीम और सशक्त होगी'।कांग्रेस ने उन्हें शुक्रवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया था।इससे एक दिन पहले गुरुवार को बरखा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख अजय माकन के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।बरखा ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति (डीपीसीसी) की महिला इकाई के पद से इस्तीफा देते हुए कहा था, "राहुल गांधी पार्टी का नेतृत्व करने के योग्य नहीं हैं।"