5 Dariya News

मंडियों में पत्थरों पर नहीं, किसानों-मजदूरों, व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान दें तंवर : बलवान दौलतपुरिया

5 Dariya News

फतेहाबाद 17-Apr-2017

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के मंडियों में दौरे के दौरान भाजपा पर कांग्रेस सरकार में लगे शिलान्यास पत्थर उखाडऩे जैसी प्रतिक्रियाओं को इनेलो विधायक ने हास्यास्पद करार दिया। इनेलो विधायक बलवान दौलतपुरिया ने कहा कि यदि उनका अनाज मंडियों का दौरा किसान, व्यापारी और मजदूरों की समस्याओं को जान उन्हें दूर करवाने के लिए था तो उन्हें अपने कार्यकाल में लगाए गए पत्थरों का रोना रोने की बजाय, उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाने की तरफ ध्यान देना चाहिए था। साथ ही दौलतपुरिया ने कहा कि जिन शिलान्यास पत्थरों का जिक्र कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष तंवर कर रहे हैं, कांग्रेस ने अपने दस साल के कार्यकाल में केवल मात्र 2 बार शिलान्यास पत्थर ही लगवाए। पहला पत्थर पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने लगाया तो दूसरा कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष ने, जबकि 10 साल में कांग्रेस अनाज मंडी की चार दीवारी को पूरा करवाने तक का काम नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में भी अपने स्तर पर उन्होंने लगातार फतेहाबाद अनाज मंडी को शुरू करवाने का मुद्दा विधानसभा में रखा, सीएम के समक्ष पत्रों के माध्यम से भी इसे जल्द पूरा करवाने की मांग उठाई तब भाजपा सरकार ने मामला उछलता देख इसे पूरा करवाने का काम किया।