5 Dariya News

मंडियों में खानापूर्ति नहीं, किसानों-व्यापारियों की समस्याएं दूर करे सरकार :बलवान दौलतपुरिया

5 Dariya News

फतेहाबाद 17-Apr-2017

फतेहाबाद से इनेलो विधायक बलवान दौलतपुरिया ने प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री, विधायकों के अनाज मंडी में किए जा रहे दौरों को केवल मात्र दिखावटी व खानापूर्ति करने के लिए किया जा रहा राजनीतिक ड्रामा बताया है। दौलतपुरिया ने कहा कि गत दिवस फतेहाबाद अनाज मंडी में भी खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री कर्णदेव कंबोज ने भी मात्र 15 मिनट में पूरी अनाज मंडी का भ्रमण कर यह स्पष्ट कर दिया कि भाजपा सरकार मंडियों व किसान-आढ़तियों के सामने आ रही दिक्कतों को लेकर  गंभीर नहीं है। इनेलो विधायक ने आज पार्टी पदाधिकारियों के साथ फतेहाबाद अनाज मंडी में काम कर रहे मजदूरों के साथ-साथ आढ़तियों से भी उनकी समस्याएं सुनी। इस दौरान आढ़तियों-मजदूरों ने साफ कहा कि गत दिवस भाजपा सरकार में मंत्री कर्णदेव कंबोज बिना उनकी समस्याएं जाने केवल मात्र मंडी का भ्रमण करके वापस चले गए, जबकि मंडी में गेंहू उठान के लिए वाहनों की समस्या, मजदूरों के लिए पेयजल व्यवस्था की कमी आदि गंभीर रूप लिए हुए है। दौलतपुरिया ने उन्हें आश्वस्त किया कि यदि सरकार उनकी समस्याओं के निदान के प्रति गंभीर होकर कोई ठोस नीति नहीं बनाती तो इनेलो जिला मुख्यालयों पर लघु सचिवालय का घेराव करने जैसे कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगी। 

बलवान दौलतपुरिया ने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज ने जिस तरीके से मंडिय़ों में ई-टे्रडिंग से आढ़तियों की मुफ्त की कमीशनखोरी खत्म होने जैसा असंसदीय बयान दिया है, उसकी जितने कड़े शब्दों में निंदा की जाए वह कम है। उन्होंने कहा कि अनाज मंडिय़ों में व्यापार को गतिमान रखने में आढ़ती और किसान एक-दूसरे के पूरक है। इतना ही नहीं जब कभी किसान को संकट के समय आर्थिक मदद या किसी अन्य तरह की सहायता की जरूरत पड़ती है तो मंडी का आढ़ती ही अपने किसान साथी की मदद को आगे आता है, न कि सरकार। मंडियों में आढ़ती मेहनतकश वर्ग का अहम हिस्सा है, ऐसे में उसे मुफ्तखोर कह कर राज्यमंत्री ने किसान, मजदूर के साथ-साथ व्यापारी वर्ग विरोधी भाजपा सरकार की सोच का प्रमाण दिया है। इनेलो विधायक ने कर्ण देव कंबोज से अपने इस ब्यान पर माफी मांगने तक की बात कहते हुए कहा कि किसानों और व्यापारियों में फूट डाल कर भाजपा के मंत्री जिस तरीके से अपने राजनीतिक हित साधने में लगे हुए है, वह एक ओच्छी राजनीति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि इनेलो मंडी में बिना किसी भेदभाव के मजदूरों, किसानों के साथ-साथ व्यापारियों की समस्याओं का हल करवाने के लिए भी संकल्पबद्ध है। इस अवसर पर उनके साथ युवा नेता पवन ढाका, विकास मेहता, धीरज शर्मा, पवन चुघ आदि उपस्थित थे।