5 Dariya News

पिछड़े मध्य प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाई : कप्तान सिंह सोलंकी

5 Dariya News

जबलपुर (मध्य प्रदेश) 16-Apr-2017

हरियाणा के राज्यपाल प्रो़ कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा है कि कभी पिछड़े राज्यों में गिने जाने वाले मध्य प्रदेश ने बीते वर्षो में विकास में लंबी छलांग लगाई है, जिससे सब आश्चर्यचकित हैं। मध्य प्रदेश में निकाली जा रही नमामि देवी नर्मदे सेवायात्रा में हिस्सा लेने जबलपुर पहुंचे हरियाणा के राज्यपाल सोलंकी ने रविवार को जन संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आरंभ की गई नर्मदा सेवा यात्रा हमारे अस्तित्व के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जन-जन को यात्रा से जुड़ कर इसे एक विराट जनांदोलन का स्वरूप देने के लिए आगे आना होगा।राज्यपाल प्रो़ सोलंकी ने कहा कि प्रत्येक सरकार का कर्तव्य है कि उसके क्षेत्र में सबका विकास सुनिश्चित हो। 

मध्यप्रदेश की जन-सेवा को समर्पित सरकार के प्रयासों से प्रदेश की तस्वीर बदली है। पिछड़े प्रदेश के रूप में पहचाने जाने वाले मध्यप्रदेश ने विकास की दिशा में लंबी छलांग लगाई है कि जिससे सब आश्चर्यचकित हैं। जनसंवाद में यात्रा के प्रभारी वी़ डी़ शर्मा ने कहा कि नर्मदा यात्रा नदी संरक्षण का दुनिया का सबसे बड़ा अभियान है। यात्रा आज सरकार एवं संत समाज के प्रबल प्रयासों से एक जनांदोलन का स्वरूप ले चुकी है। समाज के सभी वर्ग, धर्म और क्षेत्र के लोग इसमें योगदान दे रहे हैं। शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नर्मदा को अविरल रूप से प्रवाहमान बनाने के उद्देश्य से तय किया है कि दो जुलाई को नर्मदा नदी के तटों पर पांच करोड़ वृक्ष लगाए जाएंगे।