5 Dariya News

सपा को गठबंधन की जरूरत नहीं : मुलायम सिंह यादव

5 Dariya News

मैनपुरी 16-Apr-2017

समाजवादी पार्टी के संरक्षक और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने कांग्रेस और बसपा से चल रही गठबंधन की अटकलों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि सपा को गठबंधन की जरूरत नहीं है। पार्टी अकेले चुनाव जीतने में सक्षम है। इससे पहले रविवार को सपा संरक्षक इटावा और मैनपुरी में अपने पुराने साथियों से मिले और उनका हालचाल लिया। जिसके बाद वह मैनपुरी के अहलादपुर में श्रीमदभागवत कथा के समापन में पहुंचे और सबकी कुशलक्षेम पूछी। इसक मौके पर पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि वह धार्मिक कार्यक्रम में आए हैं। राजनीति पर कुछ नहीं बोलेंगे। लेकिन गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपा अकेले ही सक्षम है। सपा को गठबंधन की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस से गठबंधन उचित नहीं था और अब फिर से गठबंधन की बात चल रही है। सपा को गठबंधन की जरूरत नहीं है। सपा अकेले ही चुनाव जीतेगी। ईवीएम में गड़बड़ी की बात पर अखिलेश के आरोपों का समर्थन करते हुए मुलायम ने कहा कि अखिलेश ने वही कहा है जो रिपोर्ट आ रही है।