5 Dariya News

भाजपा ने झूठ और धोखे से हासिल की सत्ता : अखिलेश यादव

5 Dariya News

लखनऊ 15-Apr-2017

उत्तर प्रदेश में 11 मार्च को विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से ही ईवीएम मशीन पर शुरू हुई बहस लगातार तूल पकड़ रही है। बसपा प्रमुख मायावती के बाद एक के बाद एक विपक्षी दल ईवीएम को लेकर राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। उप्र की सत्ता से बाहर हुई समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा पर फिर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठ और धोखे का सहारा लेकर सत्ता हासिल की है। अखिलेश शनिवार को प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने बताया कि पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए आज से दो महीने तक सदस्यता अभियान चलेगा।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने चुनाव में कहा था कि किसानों का कर्ज माफ होगा। लेकिन कर्ज माफी में भी किसानों को धोखा ही मिला।उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग बताये कि ईवीएम में क्या गड़बड़ी है। जब बटन साईकिल पर दबाया तो जीत भाजपा की कैसे हुई हम बैलेट से अगला चुनाव कराना चाहते हैं। अखिलेश ने कहा कि मशीन का कोई भरोसा नहीं कि कब खराब हो जाए। 

भाजपा के लोग समाजवादी सरकार में दिये गये लैपटॉप से हमारी फोटो हटवाने का काम कर रहे हैं, लेकिन अगर फोटो हटाई गयी तो लैपटॉप भी खराब हो जाएगा।अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति सबके सामने है। भाजपा के कार्यकर्ता पुलिस को दौड़ा-दौड़ा कर पीट रहे हैं। कन्नौज की खबर आई कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मारा।पर असलियत में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को दौड़ा कर मारा था। एंटी रोमियो स्क्वायड के चक्कर में लोगों को परेशान किया जा रहा है। दूसरी तरफ बूचड़खाने को लेकर लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा अभी तक हमारी योजनाओं को चला रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पेंशन बंद करके ठीक नहीं किया है। उन्होंने कहा कि झूठ और धोखा के खिलाफ कोई राजनैतिक रास्ता निकलना चाहिए। हम कोई भी गठबंधन के लिए तैयार हैं। गौर करने वाली बात है कि शुक्रवार को बसपा सुप्रीमो मायावती भी किसी भी दल के साथ हाथ मिलाने की बात कह चुकी हैं।