5 Dariya News

बहुमत को चुनौती न दें प्रेम कुमार धूमल : कांग्रेस

5 Dariya News (विजयेन्दर शर्मा)

शिमला 14-Apr-2017

प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने भोरंज उप-चुनाव में भाजपा की जीत को सामान्य बताते हुए कहा है कि यह क्षेत्र उन्हीं का था। भोरंज के लोगों ने दिवंग्त ईश्वर दास धीमान के प्रति सहानुभूति वोट दिया है और कांग्रेस पार्टी इस परिणाम का पूरा सम्मान करती है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर और महासचिव राम लाल ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की उस मांग पर हैरानी जताई है, जिसमें उन्होंने भोरंज उप-चुनाव के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से त्याग पत्र की मांग करते हुए नए जनादेश लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धूमल का प्रदेश में तुरन्त विधानसभा चुनावों के लिए उनकी मांग के पीछे छिपी परेशानी को कांग्रेस समझ सकती है। धूमल को देश के संविधान का सम्मान करते हुए प्रदेश में जनमत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि धूमल को बहुमत से चुनी गई सरकार को चुनौती देने का कोई अधिकार नहीं है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पास पूर्ण बहुमत है और वीरभद्र सिंह सत्ता पक्ष के सर्वोच्च नेता हैं। 

न तो भाजपा और न ही धूमल के पास ऐसा कोई अधिकार है, जिससे वह मुख्यमंत्री को उनके पद से हटा पाए। पूरी कांग्रेस पार्टी व कांग्रेस विधायकों का पूरा समर्थन व विश्वास वीरभद्र सिंह के साथ है। उन्होंने कहा कि भोरंज उप-चुनाव का परिणाम भले ही भाजपा के पक्ष में गया है, पर कांग्रेस ने भी यहां कड़ी चुनौती दी है। भाजपा को इस परिणाम से अधिक उत्साहित होने की जरूरत नहीं है। यह उप-चुनाव प्रदेश का जनमत नहीं है। कांग्रेस ने कहा है कि इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी। जोड़-तोड़ की राजनीति अधिक दिनों तक नहीं चलती। आए दिन धूमल का यह बयान कि कांग्रेस के कई नेता उनके सम्पर्क में हैं, केवल मात्र राजनीति पैंतरा है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एक जुट व मुख्यमंत्री वीरभद्र के साथ मजबूती से खड़ी है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की अंतरक्लह जल्द ही बाहर आने वाली है। प्रदेश में विधानसभा चुनाव आते-आते यह ऐसी बिखरेगी कि इसके यह नेता जो बड़ी-बड़ी ढींगे मार रहे हैं, वह ढूंढ़े नहीं मिलेंगे। धूमल को कांग्रेस की चिंता छोड़ अपनी और आपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए।