5 Dariya News

बंगाल में विपक्षी दल एक-दूसरे को वोट हस्तांतरित कर रहे : ममता बनर्जी

5 Dariya News

बहरामपुर (पश्चिम बंगाल) 13-Apr-2017

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को विपक्षी पार्टियों पर पश्चिम बंगाल में एक दूसरे को वोट हस्तांतरित करने का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई परवाह नहीं है कि कौन उनकी पार्टी का प्रमुख विपक्षी दल बन रहा है। ममता ने कहा, "यह पता लगाना मेरी जिम्मेदारी नहीं है कि कौन दूसरे और कौन तीसरे स्थान पर चुनावों में आएगा। यह लोगों की जिम्मेदारी है। हम आभारी हैं कि लोगों ने हमें ज्यादा समर्थन दिया है।"एक प्रशासनिक बैठक के बाद बनर्जी ने यहां कहा, "मैं नहीं जानती कि कब राम (भाजपा) बाम (वाम मोर्चा) हो जाएंगे और कब बाम, राम हो जाएंगे। वे कभी-कभी एक दूसरे को वोट स्थानांतरित कर देते हैं। हम ऐसा नहीं करते..कभी-कभी यह काम माकपा करती है, तो कभी कांग्रेस और यहां तक कि भाजपा भी। इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।"

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार ने पूर्व मेदिनीपुर जिले की कांथी दक्षिण विधानसभा सीट पर गुरुवार को जीत दर्ज की। पूर्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने 42,000 वोटों के अंतर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सौरिंद्रमोहन जना को हराया।तृणमूल के विधायक दिव्येंदु अधिकारी के 2016 में तमलुक लोकसभा सीट से निर्वाचित होने के कारण इस सीट पर 9 अप्रैल को उपचुनाव कराए गए।ममता ने घोषणा कि चंद्रिमा भट्टाचार्य उनकी सरकार में एक महत्वपूर्ण मंत्रालय संभालेंगी। ममता ने अपने मंत्रिमंडल में मामूली फेरबदल के संकेत दिए। इससे पहले चंद्रिमा भट्टाचार्य, ममता के पहले कार्यकाल में स्वास्थ्य राज्य मंत्री रह चुकी हैं।उन्होंने कहा, "चंद्रिमा को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी। मैं उन्हें बैशाख (बंगाली नव वर्ष का पहला महीना) में मंत्री बनाऊंगी। एक या दो बदलाव और किए जाएंगे।"चंद्रिमा भट्टाचार्य दमदम (उत्तरी) से 2016 के विधानसभा चुनावों में हार गई थीं।