5 Dariya News

आप सरकार भ्रष्ट, वादे पूरे नहीं किए : अमित शाह

5 Dariya News

नई दिल्ली 25-Mar-2017

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली में व्याप्त भ्रष्टाचार के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए शनिवार को कहा कि दो साल तक सत्ता में रहने के बावजूद आप चुनाव के दौरान किए अपने वादों में से एक भी पूरा नहीं कर पाई है। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार भ्रष्ट है। उसके 13 विधायकों पर विभिन्न अपराधों के आरोप लगे हैं।शाह ने कहा, "केजरीवाल ने हमसे पूछा है कि भाजपा ने वादे के अनुसार उत्तर प्रदेश में किसानों का ऋण माफ क्यों नहीं किया। हम तो अपने वादे पूरे कर देंगे, लेकिन हमें तो वहां सरकार बनाए एक सप्ताह भी नहीं हुआ है।

"भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आप सरकार दिल्ली की जनता के लिए कुछ नहीं कर रही। उन्होंने साथ ही कहा कि आप के शासन में जल बोर्ड, वक्फ बोर्ड और अन्य एजेंसियों में भ्रष्टाचार हो रहा है।शाह ने कहा, "आप विधायकों के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए हैं।"शाह ने केजरीवाल पर दिल्ली के लिए इस्तेमाल किए जाना वाला धन अन्य जगहों पर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए खर्च करने का आरोप भी लगाया।उन्होंने कहा, "केजरीवाल चुनाव से पहले वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद वह दिखाई नहीं देते।"भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राष्ट्रीय राजधानी में घर-घर जाकर 23 अप्रैल को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए भाजपा को वोट देने का आग्रह करने को कहा।