5 Dariya News

भाजपा ने नगर निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना डाला : दिलीप पांडेय

5 Dariya News

नई दिल्ली 23-Mar-2017

आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली के तीनों नगर निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने का आरोप लगाया है। आप ने कहा है कि भाजपा ने राष्ट्रीय राजधानी को कूड़े का ढेर बना दिया है।आप की दिल्ली इकाई के संयोजक दिलीप पांडेय ने कहा कि उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम, जहां भाजपा बीते 10 वर्षो से सत्ता में है, विकास के मोर्चे पर रहस्यात्मक ढंग से असफल रहे हैं।दिलीप पांडेय ने कहा कि भाजपा दिल्ली के तीनों नगर निकायों में बीते 10 वर्षो से सत्ता में है, लेकिन तीनों ही नगर निकाय कुशासन के चलते स्वच्छता और शिक्षा के क्षेत्र में बुरी तरह असफल रहे हैं।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, "भाजपा ने दिल्ली के नगर निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना डाला है। उन्होंने दिल्ली को कूड़े के ढेर में तब्दील कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी में सफाई और स्वच्छता का बुरा हाल है।"उन्होंने बताया कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में साफ-साफ कहा गया है कि दिल्ली के तीनों नगर निकाय कचरा निष्पादन में पूरी तरह नाकाम रहे हैं।पांडेय ने कहा, "मौजूदा समय में दिल्ली नगर निगम निकलने वाले कुल कचरे के मात्र 25 फीसदी का निष्पादन करने में सक्षम है। सीएजी ने डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया महामारियों के लिए दिल्ली नगर को पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है।"

उन्होंने कहा कि दिल्ली की आप सरकार ने पिछली सरकारों की अपेक्षा भाजपा शासित नगर निगम को दोगुना धनराशि मुहैया कराई है, लेकिन वे अभी भी अपने सफाई कर्मियों को वेतन देने में नाकाम रहे हैं, ऊपर से आर्थिक तंगी का रोना रोते रहते हैं।पांडेय ने कहा, "उत्तरी नगर निकाय 2,700 करोड़ रुपये की तंगी से जूझ रही है, लेकिन भाजपा नेता इसका समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं। इन नगर निकायों के राजस्व में जरा भी बढ़ोतरी नहीं हुई है, लेकिन उनके खर्चे दोगुने हो गए हैं।"उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के स्कूलों में शिक्षा का हाल भी बेहद खराब है, जबकि आप सरकार ने स्कूली शिक्षा में सुधार के नए रिकॉर्ड कायम किए हैं।दिल्ली के तीनों नगर निकायों के लिए 23 अप्रैल को चुनाव होना है। मतगणना 26 अप्रैल को होगी।