बढ़ती उम्र में सीएम कर रहे बेतुकी घोषणायें : प्रेम कुमार धूमल
5 Dariya News (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 23-Mar-2017
नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने आज कहा कि प्रदेश सरकार राजनैतिक घोषणाओं में इस कदर मशगूल है कि बेतुकी घोषणायें की जा रही हैं। जिनका कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार झूठी घोषणाओं की सरकार है और दूसरी राजधानी की घोषणा भी उसी का हिस्सा है। बढ़ती उम्र में उन्हें खुद ही नहीं पता चल रहा कि वह क्या बोल जाते हैं। लिहाजा अब लोग भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते।नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने धर्मशाला में पत्रकारों को संबोधित करते हुये गुरूवार को कहा कि कागज पर लिखने से राजधानी नहीं बन जाती इसके लिए बहुत कुछ करना पड़ता है। धूमल ने कहा कि छोटे से प्रदेश को दो राजधानियों की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर धर्मशाला में राजधानी शिफ्ट होगी तो पूरी तरह से शिफ्ट होगी अन्यथा घोषणा का कोई तुक नहीं है। नये जिलों के गठन पर धूमल ने कहा कि उनकी सरकार ने यह प्रयास किया था लेकिन इसका विरोध होने पर यह पूरा नहीं हो सका। अब आगामी चुनावों में पार्टी ही तय करेगी कि नए जिलों का मुद्दा घोषणापत्र में शामिल करना है या नहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की आजकल कही जाने वाली अधिकतर बातों पर तो अब न तो मैं और न ही बीजेपी ध्यान ही नहीं देते क्योंकि उनकी बातों का कोई औचित्य ही नहीं होता। सीएम का हाल यह हो गया है कि उन्होंने जो किसी के बारे में कहना होता है वह कह देते हैं फिर उसका कोई मतलब हो या नहीं। एक समय ऐसा आता है जब कोई व्यक्ति ऐसी बिन मतलब की बातें करता है और सीएम वीरभद्र सिंह का भी ऐसा ही समय आ गया है।धूमल ने कहा कि वीरभद्र सिंह कहते हैं कि मेरे आने से राजनीति का स्तर गिरा है तो यह उनकी सोच है। मैंने आकर उनके काले कारनामों का पर्दाफाश किया है और राजनीति में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया है। यह अगर सीएम की नजर में स्तर गिराना है तो वह ऐसा समझ सकते हैं लेकिन प्रदेश की जनता को पता है कि किसने राजनीति का स्तर गिराया है और किसने उठाया है।धूमल ने आरोप लगाया कि प्रदेश को केंद्र से भरपूर सहायता मिल रही है लेकिन प्रदेश सरकार कुछ भी करने में नाकाम रही है। अब अपनी नाकामी छुपाने के लिए प्रदेश सरकार केंद्र पर कोई मदद नहीं देने का दोष लगा रही है। हकीकत यह है कि मोदी सरकार ने जितना हिमाचल को दिया है उतना किसी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भी नहीं मिला था। इस अवसर पर उनके साथ बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, विधायक सरवीण चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता हेमांशु मिश्रा, सह मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, एचपीसीए प्रवक्ता संजय शर्मा और अन्य बीजेपी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।