5 Dariya News

पंजाब में भाजपा का ग्राफ गिरना चिंतनीय: जनार्दन शर्मा

चुनाव परिणामों के फलस्वरूप पार्टी हाईकमान को लेने होंगे कठोर निर्णय

5 Dariya News

23-Mar-2017

पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा का ग्राफ गिरने से मिली हार चिंता का विषय है। एकतरफ जहां देश भर में भाजपा का परचम लहरा रहा है। वहीं पंजाब में गठबंधन के चलते हार का सामना करना पड़ा है। भाजपा की जनहितैषी व विकासवादी नीतियों के चलते जहां देश भर के चार अन्य प्रदेशों में भाजपा के जनाधार में अत्यधिक बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं पंजाब में जनाधार घटा है। उक्त शब्द भाजपा प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ के संयोजक जनार्दन शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे।उन्होंने कहा कि अब समय केवल दिखावटी चिंतन मंथन करने का नहीं बल्कि संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से स्टीक दिशा देने का है ताकि भाजपा का जनाधार बाकी प्रदेशों की तरह बढ़ सके। कार्यकर्ता और अधिक सजग होकर निडरता से संगठन कार्यों से जुड़ सके। पिछले दस वर्षों से सत्ता में रही गठबंधन सरकार ने अपनी विश्वसनीयता इस कद्र खो दी थी कि उसका परिणाम शर्मनाक हार के रूप में हमारे सामने है। भाजपा नेताओं की अपने ही संगठन के कार्यकर्ताओं से दूरी भी पराजय का कारण बनी। 

कार्यकर्ता जोकि संगठन की रीढ की हड्डी होते है, परंतु उनकी नेताओं के प्रति उदासीनता भी हार का अंतर बढ़ा गई। सत्ताधारी नेताओं के आपसी मतभेद, पार्टी को एक प्राईवेट कंपनी की तरह चलाना भी एक बड़ी समस्या बन गया था। भाजपा ने हरियाणा , महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश में अपने बलबूते पर प्रचंड लोकतांत्रिक समर्थन पाने के चलते अपनी साख को  सुदृढ़  किया है, परंतु पंजाब में हाईकमान से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद भी अपने  बलबूते पर चुनाव लडऩे का फैसला नहीं ले पाए। भाजपा के कुछ निर्णयों  में जनभावना की अवहेलना के  चलते देश भर में हाशिये पर जा रही कांग्रेस पंजाब में सशक्त जनाधार प्राप्त करने में सफल रही।भाजपा एक अनुशासित व जनहितैषी पार्टी रही है। लोग भाजपा की नीतियों व नरेंद्र मोदी सरकार के देश को विश्व गुरू बनाने के सपने को साकार करने के लिए कंधे से कंधा मिला कर चल रही है। ऐसे में देश की खडग़ भूजा पंजाब में भी भाजपा को अपनी साख को बनाए रखने के लिए कठोर निर्णय लेते हुए पार्टी संगठन को नई दिशा देनी होगी ताकि प्रदेश में भाजपा अपना खोया जनाधार दोबारा प्राप्त कर सके,  कार्यकर्ता में नई उमंग व शक्ति का संचार हो सके।