5 Dariya News

त्रिवेंद्र रावत आज लेंगे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ

5 Dariya News

देहरादून (उत्तराखंड) 17-Mar-2017

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार अपराह्न् उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ-ग्रहण समारोह परेड ग्राउंड में अपराह्न् तीन बजे होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं।रावत राज्य के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।पार्टी सूत्रों के अनुसार, रावत के साथ छह अन्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है।मोदी से जुड़े रहे रावत उत्तराखंड में भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान कृषि मंत्री थे।

दोईवाला से निर्वाचित रावत ने कांग्रेस प्रत्याशी हीरा सिंह बिष्ट को 24,000 वोटों से मात दी थी। वह आरएसएस में प्रचारक के रूप में भी जाने जाते हैं। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को मात देते हुए 70 में से 57 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। रावत राज्य में भाजपा के पांचवें मुख्यमंत्री हैं। पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी पहली सरकार साल 2000 में बनाई थी, जब उत्तर प्रदेश से अलग होकर यह राज्य बना था। नित्यानंद स्वामी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने थे।