5 Dariya News

15 मार्च को प्रदेश भर से कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर पहुंच करेंगे संसद की ओर कूच : अशोक अरोड़ा

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने 15 मार्च के संसद कूच के लिए लगाई कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां

5 Dariya News

कुरुक्षेत्र 10-Mar-2017

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में हल्का थानेसर के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करके 15 मार्च को संसद भवन पर प्रदर्शन करने की रणनीति को अंतिम रूप दिया। श्री अरोड़ा ने बताया कि इनेलो ने एसवाईएल नहर के मुद्दे को लेकर 15 मार्च को संसद घेरने का कार्यक्रम बनाया है, उस दिन प्रदेश भर से पार्टी के हजारों कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर एकत्रित होंगे और वहां से संसद की ओर कूच करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की संसद कूच में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ड्यूटियां लगाई। इस अवसर पर हल्का प्रधान रणबीर सिंह किरमिच, शहरी प्रधान रामस्वरूप चोपड़ा, नरेंद्र शर्मा निंदी,मन्नु जैन, सतबीर शर्मा, ओमप्रकाश ओपी, रणधीर झिंझरपुर,  चंद्रभान बाल्मिीकि, सुभाष मिर्जापुर, मनोज कौशिक, सुरेंद्र सैनी, बौड सिंह बगथला सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।अशोक अरोड़ा ने 23 फरवरी को पंजाब में एसवाईएल खोदने के लिए जेल जाने वाले कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि संसद घेराव कार्यक्रम में हल्का थानेसर के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लेंगे और उन्हें आशा है कि संसद कूच मार्च में भी थानेसर हल्के के कार्यकर्ता भारी संख्या में भाग लेंगे। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि एसवाईएल मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं है। 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर  4 महीने बीत जाने पर भी प्रधानमंत्री से एसवाईएल के मुद्दे पर मिलने का समय नहीं ले सकें। उन्होंने भाजपा को किसान व मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि आज किसान के आलू का मंडियों में कोई खरीददार नहीं है। एक रुपये किलो आलू बिक रहा है, जिससे किसान का   बीज का खर्च भी पूरा नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इस बजट में एसवाईएल के लिए केवल 100 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है, इसी से पता चलता है कि भाजपा सरकार एसवाईएल का पानी हरियाणा में नहीं लाना चाहती। उन्होंने कहा कि आज दक्षिणी हरियाणा में पेयजल तक का संकट है,प्रदेश में खेती के लिए पानी की भारी कमी है, लेकिन भाजपा सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। अशोक अरोड़ा ने कहा कि जब तक एसवाईएल का पानी हरियाणा में नहीं आ जाता, तब तक इनेलो कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे और इसके लिए कोई भी कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेंगे। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि सरकार की कार्य प्रणाली के प्रति भाजपा विधायकों में भी काफी रोष है। विधानसभा सत्र में भाजपा विधायकों के मुखर स्वर देखने को मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपनी सरकार बचाने के लिए तो प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांग रहे हैं, लेकिन एसवाईएल के मुद्दे पर बात करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री से समय तक नहीं लिया। अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। हर वर्ग में सरकार के प्रति गहरा रोष है।