इनेलो ने सुरजेवाला के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाए जाने की मांग करते हुए सदन से किया वॉकआउट
नेता प्रतिपक्ष ने कहा अगर सरकार निंदा प्रस्ताव नहीं लाती तो हमारे प्रस्ताव का करे समर्थन
5 Dariya News
चंडीगढ़ 10-Mar-2017
इनेलो ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा में सरकार से कांग्रेस विधायक रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग की। निंदा प्रस्ताव न लाए जाने पर नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में इनेलो विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया। हरियाणा विस की कार्रवाई शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष ने कल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कल जो लोग दो बार अध्यक्ष पर दबाव बनाने के लिए न सिर्फ अपनी सीटें छोडक़र अध्यक्ष के आसन तक आए उनके खिलाफ तो अध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की लेकिन हम अपनी सीटों पर खड़े होकर प्रदेश को नुकसान पहुंचाने वाले व्यक्ति का मामला उठा रहे थे जिसकी वजह से पूरे प्रदेशवासियों में गहरी चिंता बनी और जिसने पंजाब कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करते हुए यहां तक कहा था कि एसवाईएल का एक बूंद पानी भी पंजाब हरियाणा को नहीं देगा उसका संसदीय कार्यमंत्री ने सदन में आने पर स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष ने हरियाणा के हितों पर कुठाराघात पहुंचाने वाले रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाए जाने की मांग की। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि संसदीय कार्यमंत्री ने सुरजेवाला पर स्वागत के नाम पर कटाक्ष किया था लेकिन इनेलो सदस्य इस बात से सहमत नहीं हुए।
नेता प्रतिपक्ष ने अध्यक्ष से कहा कि जब हम प्रदेश के लोगों की आवाज उठा रहे थे तो हमें नेम करके बाहर क्यों निकाला गया और जो लोग (उनका इशारा कांग्रेसी विधायकों की ओर था) अध्यक्ष के आसन तक आकर उन्हें चुनौती दे रहे थे, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यूं नहीं की गई? नेता प्रतिपक्ष ने अध्यक्ष से यह भी कहा कि हमें नेम करने से पहले आपने एक बार भी चेतावनी नहीं दी जबकि हमने हमेशा आपकी हर बात को माना। विस अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वे इनेलो विधायकों को नामित नहीं करना चाहते थे लेकिन हाउस की व्यवस्था को चलाने के लिए ऐसा करना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष ने संसदीय कार्यमंत्री से रणदीप सुरजेवाला के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की मांग करते हुए कहा कि जो व्यक्ति हरियाणा के हितों के खिलाफ पंजाब के स्टेंड पर समर्थन कर रहा हो उसके खिलाफ सरकार निंदा प्रस्ताव लाए अन्यथा हम निंदा प्रस्ताव लाते हैं, सरकार समर्थन करे। अगर सरकार निंदा प्रस्ताव का विरोध करेगी तो प्रदेशवासियों को भाजपा के स्टेंड का भी पता चल जाएगा।
इसके बाद नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने इसके साथ ही अपनी पार्टी की ओर से एक निंदा प्रस्ताव लाते हुए उसे पढऩा शुरू कर दिया। जिसमें कहा गया कि कल सत्तापक्ष ने विस के एक सदस्य का यहां स्वागत किया है, हम उसकी निंदा करते हैं और इस बारे में निंदा प्रस्ताव लाते हैं कि उस सदस्य ने पंजाब के साथ खड़े होकर एसवाईएल पर हरियाणा के हितों पर कुठाराघात किया है। नेता प्रतिपक्ष ने इस निंदा प्रस्ताव को जब ध्वनिमत से पारित करवाए जाने की मांग की तो इनेलो सदस्यों ने पूरे जोर से इस प्रस्ताव के समर्थन में हां करते हुए इसे पारित करने की मांग की। जबकि सत्तापक्ष व कांग्रेस सदस्य इस पर चुपचाप बैठे रहे। सरकार द्वारा इस निंदा प्रस्ताव का समर्थन न करने और कल इनेलो सदस्यों को नामित कर सदन से बाहर किए जाने की घटना पर विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर गए।
इनेलो ने बारिश व ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों की विशेष गिरदावरी करवा मुआवजा देने की मांग की: नेता प्रतिपक्ष ने चौधरी अभय सिंह चौटाला ने आज प्रश्नकाल के तुरंत बाद पिछले चौबीस घंटों में फतेहाबाद, भिवानी, रोहतक व पानीपत सहित प्रदेश के अनेक जिलों में बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मामला उठाते हुए इसकी विशेष गिरदावरी करवाए जाने और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से यह भी पूछा कि सरकार किसानों को हुए नुकसान की भरपाई अपनी ओर से करेगी या उनके खातों से बीमा राशि के नाम पर जो पैसे काटे गए हैं उसमें से दिलवाए जाएंगे। नेता प्रतिपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दे पर कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि जिन फसलों का नुकसान हुआ है और जो बीमा क्षेत्र में किसान आते हैं उनकी मैपिंग करवाकर उन्हें बीमा कम्पनियों से राहत दिलवाई जाएगी और जो बीमा क्षेत्र से बाहर की फसलों का नुकसान हुआ है उस बारे में संबंधित इलाके के एसडीएम, बीडीए व तहसीलदार को साथ लेकर मैपिंग करवाने के साथ-साथ विशेष गिरदावरी भी करवाई जाएगी।