5 Dariya News

‘न कंडा न बट्टा, 50 का कट्टा’ की पट्टिका व आलू कट्टों के साथ इनेलो ने विस के समक्ष जताया विरोध

5 Dariya News

चंडीगढ़ 08-Mar-2017

आलू उत्पादक किसानों की दुर्दशा की ओर हरियाणा विस व प्रदेशवासियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए जुलाना से इनेलो विधायक परमेंद्र ढुल ने आज विस सचिवालय के समक्ष आलू के कट्टे रखकर व हाथ में एक पट्टिका जिस पर लिखा था कि ‘न कंडा न बट्टा, 50 का कट्टा’ लेकर एक तरह से मंत्रियों, विधायकों के साथ-साथ मीडिया का ध्यान भी अपनी ओर खींचा। विधायक जाकिर हुस्सैन भी उनके इस प्रदर्शन पर उनके साथ खड़े नजर आए और नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा, पूर्व कृषि मंत्री जसविंदर संधू के अलावा कांग्रेस व सत्तापक्ष के अनेक विधायकों ने भी उनके साथ वहां खड़े होकर किसानों की दयनीय स्थिति पर चर्चा की। इनेलो विधायकों ने कहा कि आज किसानों का 50 किलो का कट्टा मात्र 50 रुपए में बिक रहा है और इसीलिए किसानों की दुर्दशा की तरफ सरकार का ध्यान खींचने के लिए उन्होंने ये आलू के कट्टे व पट्टिका ली हुई है। परमेंद्र ढुल ने कहा कि अगर तुरंत सरकार ने इस ओर ध्यान न दिया तो किसान पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि वे ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से भी इस मुद्दे को सदन में उठाने जा रहे हैं।