एसएसए के तहत राजपुरा स्कूल में बनेंगे दो कमरे : बुटेल
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
धर्मशाला 29-Nov-2013
सर्व शिक्षा अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, राजपुर में दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण किया जायेगा। यह जानकारी विधानसभा अध्यक्ष, श्री बृज बिहारी लाल बुटेल ने आज विद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के अवसर पर अपने उद्बोधन में दी।श्री बुटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार गुणात्मक एवं रोजगारोन्नमुखी शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है तथा सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिये नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं वर्दी प्रदान कर रही है। उन्होंने अध्यापकों का आहवान करते हुये कहा कि बच्चों को पुस्तक ज्ञान देने के साथ-साथ अच्छे संस्कार एवं अनुशासित आचरण भी सिखायें।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी स्कूलों में मूलभूत सुविधायें उपलब्ध करवा रही है तथा राजपुर विद्यालय में साईंस ब्लॉक बनाने हेतु उचित स्तर पर कदम उठाये जायेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने पाठशाला में आवश्यक मुरम्मत कार्यों को करवाने के लिये 50 हजार रूपये की राशि देने की घोषणा की । उन्होंने पाठशाला में थ्री-फेस का बिजली कुनैक्शन लगाने का आश्वासन देते हुये सम्बन्धित विभाग को इसकी डीपीआर एवं आवश्यक औपचारिकतायें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।
उन्होंने इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में बेहतर प्रदर्शन करने तथा अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यालय के होनहार छात्रों को पुरस्कृत किया।इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने संास्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। श्री बृज बिहारी लाल बुटेल ने अपनी ऐच्छिक निधी से सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये 11 हजार रूपये और स्कूल बैंड के उन्नयन के लिये 5 हजार रूपये देने की घोषणा की।स्कूल की प्राधानाचार्य निशी गुप्ता ने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी।इस अवसर पर श्रीमती वीना बुटेल, बीडीओ पंचरूखी श्री संत राम, कांग्रेस मंडलाध्यक्ष श्री कर्ण शर्मा, बीडीसी सदस्य श्रीमती सुरेन्द्रा सूद, केसीसी बैंक के निदेशक श्री संजीव राणा, स्थानीय प्रधान श्री अनूप ठाकुर, युवा मंडलाध्यक्ष श्री ऋषी राज ठाकुर सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे।