5 Dariya News

राहुल गांधी ज्वाइन कर लें कपिल शर्मा का शो : उमा भारती

5 Dariya News

बहराइच (उत्तर प्रदेश) 25-Feb-2017

केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि उप्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। इसके छह माह के भीतर अखिलेश यादव, मायावती और गायत्री प्रजापति जैसे नेताओं की बेनामी संपत्ति जब्त होगी, क्योंकि नोटबंदी के बाद पीएम मोदी का अगला वार बेनामी संपत्ति पर होगा। उमा भारती ने कहा कि जो देश छोड़कर भागकर विदेश चले गए हैं, उनकी संपत्ति भी जब्त होगी। कोई भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा। यही नहीं उन्होंने राहुल गांधी पर भी जुबानी हमला बोला कहा कि राहुल की नौटंकी देख लगता है कि उन्हें कपिल शो ज्वाइन कर लेना चाहिए। वहीं बसपा मुखिया मायावती को मिस्टर इंडिया बता डाला।

उमा भारती ने शनिवार को नानपारा विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी माधुरी वर्मा के समर्थन में शिवपुर में जनसभा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कई योजनाएं बनाती है, लेकिन अखिलेश सरकार सहयोग नहीं करती है। राज्य में ऐसी सरकार होनी चाहिए जिसमें मैचिंग ग्रांट देने की हैसियत हो। कहा कि मोदीजी ने नोटबंदी करके देश के भ्रष्ट अजगरों को पकड़ लिया है। अब बेनामी संपत्ति पर हमला होगा। अखिलेश, मायावती, गायत्री जैसे भ्रष्ट नेताओं के पैसे बेनामी संपत्ति में खूब लगे हुए हैं। समाजवादी पार्टी के मुखिया व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए उमा ने कहा, "अखिलेश तुम गुजरात के गधों को मत याद करो, छह माह के भीतर तुम्हारी बेनामी संपत्ति जब्त होने वाली है। अखिलेश ने रेप कांड में फंसे गायत्री प्रजापति के लिए वोट मांगा, यह कैसा चरित्र है तुम्हारा।" 

उमा भारती ने कहा, "केंद्र में 10 साल तक मौनी बाबा बैठे थे। टूजी, थ्रीजी और कोयला घोटाला हुआ, लेकिन पीएम मनमोहन को पता ही नहीं चला। ये कैसे प्रधानमंत्री थे। उमा ने श्मशान और कब्रिस्तान वाले पीएम के बयान को सही ठहराया है।" उन्होंने कहा कि भारत में अल्पसंख्यकों की सदैव रक्षा हुई है। हम भेदभाव की राजनीति नहीं करते हैं। लेकिन यदि मुसलमान बेटियों को वजीफा मिले तो हिंदुओं को भी मिलना चाहिए। उमा भारती ने कहा कि मायावती ने दलितों और अखिलेश ने मुसलमानों की राजनीति की, लेकिन आज सबसे गरीब वही हैं। कांग्रेस 105 सीटों में से महज 10 सीट पाएगी। उमा भारती ने मायावती को मिस्टर इंडिया बताया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आते ही वे पर्स समेत गायब हो जाएंगी।