5 Dariya News

अखिलेश को किसानों की फिक्र नहीं : नरेंद्र मोदी

5 Dariya News

गोंडा (उत्तर प्रदेश) 24-Feb-2017

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को गोंडा में भारतीय जनता पार्टी की रैली में पार्टी के स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सारा फोकस गन्ना किसानों पर रहा। गन्ना किसानों के दर्द की बात करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और सत्तारूढ़ परिवार, दोनों को घेरा। वहीं नोटबंदी पर बहुजन समाज पार्टी और सपा को निशाने पर लिया। महाशिवरात्रि का मौका देख मोदी ने कहा कि शिव की तरह जनता के पास तीसरा नेत्र है। वो सब देखती है। यूपी में तरह-तरह के झूठ बोले जा रहे हैं। लेकिन यहां की जनता सब समझती है। वह सही गलत का पता लगा लेती है। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 साल से सपा और बसपा रोज झगड़ती थीं। लेकिन नोटबंदी के बाद दोनों पार्टियां एक ही बात बोलने लगीं। जिस-जिस का पैसा लुटा है, वो एक तरफ इकठ्ठे हो गए हैं। उन्होंने कहा, "मायावती और मुलायम सिंह ने तो संसद में कहा था, कुछ दिन का वक्त तो दे दो। जब से मैंने भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ लड़ाई चालू की है, बड़े-बड़े लोग मेरे पीछे पड़ गए हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव के नतीजे आए, कांग्रेस पूरी तरह से साफ हो गई। लोगों ने भाजपा का पूरा समर्थन किया है।

 ओडिशा में भी चुनाव हुआ, वहां भी भाजपा को जनसमर्थन मिला है।मोदी ने कहा, "जनता के समर्थन से हमें सत्ता का नशा नहीं चढ़ता है, काम करने का जज्बा पैदा होता है। भ्रष्टाचार व कालाधन के खिलाफ हमने लड़ाई छेड़ी है, देश को लूटने वालों को छोड़ने वाला नहीं हूं। जो पैसा गरीबों से लूटा गया है, वह गरीबों को लौटाना चाहता हूं। आम आदमी की जिंदगी में बदलाव लाना चाहता हूं।"उन्होंने कहा, "मैं यूपी के काशी से सांसद बनकर देश की सेवा कर रहा हूं। उत्तर प्रदेश के कारण ही देश में स्थिर सरकार बनी है।"

गन्ना किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि क्या बीमा की जरूरत गन्ना किसानों को नहीं होती है, लेकिन अखिलेश सरकार ने गन्ना किसानों को बीमा के लिए मजबूर किया। इस बीमा के अंतर्गत 100 में 2 रुपये देने पड़ते हैं, लेकिन फिर भी अखिलेश सरकार नहीं कर पाई। जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां 50 फीसदी से ज्यादा किसानों का बीमा हुआ। लेकिन उत्तर प्रदेश में 14 फीसदी से ज्यादा बीमा नहीं हुआ। मोदी ने कहा कि वन रैंक वन पेंशन लागू किया। तब 12 हजार करोड़ रुपये की जरूरत थी। सात हजार करोड़ सेना के जवानों के खाते में पहुंच गए। जो बचे हैं, वह भी जल्द भेज दिए जाएंगे।

अखिलेश सरकार पर वार करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि थोक व फुटकर दो तरह के व्यापार होते हैं। गोंडा में चोरी करने की नीलामी होती है। चोरी के लिए टेंडर भी निकाला जाता है। परीक्षा का केंद्र बनाने के लिए बोली लगाई जाती है। विषयवार पैसा तय किया जाता है। इससे यूपी में परीक्षा का स्तर गिरता जा जा रहा है। इस पर रोक लगाना चाहिए। मोदी ने कहा, "अखिलेश जी आप तो ऑस्ट्रेलिया जाकर पढ़ आए, लेकिन मेरे गोंडा के गरीब बच्चों का क्या होगा? गोंडा के गरीबों का क्या होगा, आपने उनके लिए कुछ नहीं सोचा।

"उन्होंने कहा, "अखिलेश को किसानों की फिक्र नहीं है। गोंडा में गन्ना किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। मैं गन्ना किसानों का दर्द समझ सकता हूं। किसानों को उनकी मेहनत का जायज पैसा मिलना चाहिए।"उन्होंने कहा, "हम प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लाए हैं, जिसमें किसान अगर बुआई नहीं कर पाया तो भी उसे पैसा मिलेगा। मैं गन्ना किसानों के लिए एक टास्क फोर्स बनाकर, उसे तौलने का आधुनिक विकल्प बनाऊंगा, जिससे धोखेबाजी न हो।"