5 Dariya News

ममता बनर्जी ने तोड़फोड़ की संस्कृति समाप्त करने का संकल्प लिया

5 Dariya News

कोलकाता 20-Feb-2017

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को स्कूल में तोड़फोड़ की घटना की आलोचना की और राज्य में तोड़फोड़ और संपत्ति को नष्ट करने की संस्कृति को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया। बनर्जी ने कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, "यदि कोई यह सोचता है कि वह राज्य में तोड़फोड़ और संपत्ति को नष्ट करने की नीति का अनुसरण करेगा तो वह गलत है। मैं इस संस्कृति को समाप्त करूंगी। यह मेरी चुनौती है।"गौरतलब है कि शरारती तत्वों के एक समूह ने एक स्थानीय प्रमोटर के निर्देश पर शुक्रवार रात पूर्वोत्तर कोलकाता के बागुईहाटी स्थित लीला देवी मेमोरियल इंस्टीट्यूट सेकेंडरी स्कूल की इमारत में तोड़फोड़ कर दी थी। हमलावरों ने आंशिक रूप से इमारत की छत ढहा दी थी। प्रमोटर को गिरफ्तार कर लिया गया है।तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता ने शरारती तत्वों को भी चेतावनी दी कि उनकी सरकार कमजोर नहीं है।ममता ने शुक्रवार को हुए हमले की ओर इशारा करते हुए कहा, "यदि कोई वास्तविक चिंता है तो हमें इसे ध्यान रखना होगा, लेकिन इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमे कमजोर समझने का कोई कारण नहीं है।"बनर्जी ने कहा कि स्कूल में मरम्मत के बाद कक्षाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने लोगों को भी आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य प्रशासन क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।उन्होंने कहा, "पुलिस क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। स्कूल की छत को प्लास्टिक शीट से अस्थाई रूप से दुरुस्त कर कक्षाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं।"