5 Dariya News

आईपीएच-बिजली का मंडल भी लाएंगे बंजार: कर्ण सिंह

आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री ने किया पीडब्ल्यूडी डिवीजन का उदघाटन

5 Dariya News

कुल्लू 20-Feb-2017

आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने सोमवार को बंजार में लोक निर्माण विभाग के मंडल का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने बंजार में ही आयुर्वेद विभाग के जांच शिविर का भी शुभारंभ किया। इसके बाद मेला मैदान में भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र के चहुमुखी विकास को गति प्रदान करने के लिए लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय को यहां स्थानांतरित किया गया है।अब सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली बोर्ड के मंडल कार्यालयों को भी बंजार विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाएगा। चार वर्ष उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कर्ण सिंह ने बताया कि इस अवधि में बंजार विधानसभा क्षेत्र में रिकार्ड विकास कार्य हुए हैं। क्षेत्र को दो-दो डिग्री कालेज, दर्जनों स्कूल, अग्निशमन केंद्र, मिनी सचिवालय, करोड़ों की पेयजल योजनाएं, सड़कों व अन्य विकास कार्य इसी सरकार के कार्यकाल में पूरे किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दमोठी में शीघ्र ही सब्जी मंडी का कार्य आरंभ किया जाएगा। बंजार अस्पताल के भवन के कार्य को युद्ध स्तर पर करवाया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। आयुर्वेद मंत्री ने बताया कि बंजार विस क्षेत्र के सभी गांवों तक सड़क पहुंचाना, उनकी प्राथमिकता है और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर मंडी संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, कांग्रेस अनुसूचित जाति सैल के जिला अध्यक्ष बुद्धि सिंह और बंजार ब्लाॅक कांग्रेस महासचिव टीसी महंत ने भी अपने विचार रखे तथा विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम एमआर भारद्वाज, जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. योगराज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव राम सिंह मियां, बंजार विस क्षेत्र प्रभारी संजीव गुलेरिया, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष मोती राम पालसरा, ब्लाॅक महिला कांग्रेस अध्यक्ष पिंगला भंडारी और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।