मीर जहूर अहमद ने जम्मू मिल्क प्लांट का दौरा किया
मंत्री ने जेकेएमपीसीएल को ग्राम स्तरीय सहकारिता के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध विकसित करने के लिए कहा
5 Dariya News
जम्मू 18-Feb-2017
वन, पशु व भेड़ पालन, सहकारिता एवं मत्स्य पालन राज्य मंत्री मीर जहूर अहमद ने आज सतवारी में जम्मू मिल्क प्लांट का दौरा किया और उसके कामकाज का जायजा लिया।उन्होंने प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और इसे साफ रखने के अलावा दूध उत्पादों और विनिर्माण तिथियों आदि की ठीक से जांच करने के संबंधितों को निर्देश दिए।मंत्री को बताया गया कि जम्मू-कश्मीर दुग्ध उत्पादक सहकारी लिमिटेड (जेकेएमपीसीएल) अमूल के सक्रिय समर्थन के साथ जम्मू एवं कश्मीर राज्य में एक डेयरी विकास संगठन है। जेकेएमपीसीएल के चष्माषाही श्रीनगर और सतवारी जम्मू में अपने मिल्क प्लांट है। 400 से अधिक गांव डेयरी सहकारी समितियों के माध्यम से इस संगठन से 10000 से अधिक दूध उत्पादक सदस्यता के आधार पर जुड़े हुए हैं। यह भी बताया गया कि गुणवत्ता और स्वच्छ दुग्ध उत्पादन (एसआईक्यू-सीएमपी) के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए, सीएमपी योजना के पहले चरण के तहत 1.23 करोड़ रूपये जेकेएमपीसीएल को अनुदान राशि के रूप में जारी किए गए।मंत्री को बताया गया कि अनुमोदित परियोजना के अनुसार जेकेएमपीसीएल ने अनंतनाग, पुलवामा, बडगाम, बारामूला, जम्मू, सांबा और कठुआ में 14 बल्क मिल्क कूलर (बीएमसी) स्थापित किए है और चिंलिंग कह 33 टीएलपीडी की कुल क्षमता पैदा की है। उन्हें यह भी बताया गया कि गहन डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत (आईडीडीपी), जेकेएमपीसीएल को राजौरी, पुंछ और कुपवाड़ा से दूध की खरीद शुरू करने के लिए 1.92 करोड़ रूपये प्राप्त हुए है।
कार्यक्रम के तहत, 1.12 करोड़ रुपये बीएमसी की खरीद और 35 टीएलपीडी चिंलिंग क्षमता के निर्माण के लिए आवंटित किए गए थे। यह भी बताया गया कि राजौरी से दूध की खरीद लगभग 3000 प्रति दिन लीटर दूध की औसत खरीद के साथ शुरू कर दिया है। यह भी बताया गया कि प्रति दिन 30,000 लीटर से अधिक संयंत्र में संसाधित किया जा रहा है और ब्रांड स्नो कैप के तहत जम्मू में विपणन किया जा रहा है।यह भी बतायागया कि 2016-17 के दौरान, संयंत्र ने अब तक 30 लाख रुपये का मुनाफा अर्जित किया है। यह भी बताया गया कि संगठन गुणवत्ता क आधार पर अच्छी दरों पर किसानों से दूध खरीद रहा है।संयंत्र के प्रबंधन और जेकेएमपीसीएल के अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान, मंत्री ने गांव स्तर के बुनियादी ढांचे को सुधार और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि डेयरी उत्पादन एक लाभकारी व्यावसायिक गतिविधि बनाया जा सके। उन्होंने जेकेएमपीसीएल और ग्राम स्तरीय सहकारिता के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध विकसित करने के लिए काम करने पर जोर दिया।मीर जहूर ने स्नो कैप ब्रांड को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने को भी कहा। उन्होंने आम जनता के बीच गुणवत्ता और ब्रांड के लाभों के बारे में जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविरों और कार्यशालाओं के आयोजन पर भी बल दिया।