5 Dariya News

'संजीवनी' पेड़ से टकराई, 2 की मौत

5 Dariya News

गरियाबंद (छत्तीसगढ़) 09-Feb-2017

जिला मुख्यालय से चार किलोमीटर पहले टोनहीनाला के पास गुरुवार सुबह एक एंबुलेंस 'संजीवनी 108' पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। घटना से एंबुलेंस में सवार दो मरीजों की मौत हो गई। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक-परिचालक सहित चार लोगों को रायपुर रेफर किया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय के चीरघर में रखा गया है। मृतक और चालक आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।यह हादसा गुरुवार सुबह लगभग 4.30-5.00 बजे की बताई गई है। देवभोग थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंहड़ीखुर्द निवासी विमल यादव (61 वर्ष) और द्रौपती बाई (52 वर्ष) को घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया जा रहा था। गरियाबंद से चार किलोमीटर पहले टोनहीनाला के पास संजीवनी पेड़ से जा टकराई। घटना में विमल यादव और द्रौपती बाई की मौत हो गई। वहीं वाहन चालक दीवाधर यादव और सहायक चालक सीताराम के अलावा अन्य लोगों को गंभीर चोट आई है। बताया जाता है कि दुर्घटना की खबर राह चलते किसी ने गरियाबंद संजीवनी 108 को दी। उसके बाद तत्काल उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया। टीआई विमलेश दुबे के मुताबिक, घटना की खबर मिलते ही तत्काल घायलों को अस्पताल लाया गया और सभी घायलों को रायपुर भेज दिया गया।