5 Dariya News

बेअदबी की घटनाएं रोकने को ठीकरी पहरा लगाएं पंजाबी- हरसिमरत कौर बादल

5 Dariya News

चंडीगढ़ 31-Jan-2017

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सुश्री हरसिमरत कौर बादल ने पंथ की रक्षा और आम आदमी पार्टी की साजिश को बेनकाब करने के लिए ठीकरी पहरा शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि आम आदमी पार्टी के लोग ऐसी हरकतें कर अकाली भाजपा गठबंधन को बदनाम करना चाहते हैं।मंगलवार को यहां जारी एक बयान में सुश्री बादल ने कहा कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खालिस्तान कमांडो फोर्स के मिलिटेंट गुरिंदर सिंह घाली के घर में ठहरने की घटना ने साबित कर दिया है कि आप नेता ऐेसे तत्वों को बेअदबी के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की इस मीटिंग के तुरंत बाद लंबी और मुक्तसर में ऐसी दो घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने लोगों को राज्य में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए ऐसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मंदिरों और चर्चों के प्रबंधक भी ऐसी घटनाओं के मद्देनजर सावधान रहें। 

उन्होंने कहा कि आप नेता असामाजिक तत्वों को बादल परिवार के खिलाफ भडक़ाने का काम भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबी में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल पर जूता फेंकने वाला गुरबचन सिंह चरमपंथी नेता अमरीक सिंह अजनाला का भाई है। गुरबचन को आप का वरद हस्त प्राप्त है। ऐसी घटनाओं के आरोपी आज खुलेआम आप नेताओं के साथ घूम रहे हैं। 

सुश्री बादल ने लोगों को आप नेताओं की नीयत पहचाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं आप नेताओं ने दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरूद्वारा शीशगंज साहिब के प्याऊ को बुलडोजर से तुड़वा दिया था। मालेरकोटला में पवित्र कुरान की बेअदबी करने के मामले में आप के एक नेता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब यही लोग खूंखार आतंकी गुरिंदर सिंह घाली के घर पर बैठकें कर रहे हैं। घाली पर गाय की पूंछ काट कर मंदिरों में फेंकने का आरोप है। ऐसे लोगों पर कतई भरोसा नहीं किया जा सकता।बादल ने पंजाब के लोगों को आप की भ्रष्ट नीतियों को दरकिनार करने का आग्रह किया है। तलवंडी साबो में आप नेता बजिंदर कौर को शराब बांटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यही आप नेता शहरों में लोगों को पैसा बांट रहे हैं।उन्होंने कहा कि अकाली भाजपा गठबंधन ही पंजाब में शांति और धार्मिक सदभाव ला सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में धार्मिक अशांति फैलाने में कांग्रेस भी बराबर की दोषी है। कांग्रेस नेताओं ने तरनतारन में एक साल पहले खुलेआम अराजक तत्वों के साथ मंच सांझे किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग श्री दरबार साहिब पर हमला करवाने और दिल्ली में हजारों सिक्खों के कत्लेआम के लिए कांग्रेस और गांधी परिवार को कभी भी माफ नहीं कर सकते।