5 Dariya News

कांग्रेस के कर्मचारी जैसा बर्ताव कर रहे हैं सिद्धु- सुखबीर बादल

5 Dariya News

चंडीगढ़ 20-Jan-2017

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा है कि नवजोत सिंह सिद्धु कांग्रेस के कर्मचारी जैसा बर्ताव कर रहे हैं। गोया उनकी अपनी पहचान खत्म हो चुकी है। शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में बादल ने कहा कि सिद्धु हमेशा अपने आप को बेचने के लिए तैयार रहते हैं। कल तक वह भारतीय जनता पार्टी में थे। इसके बाद वह आप के हो गए और इन दिनों कांग्रेस के साथ हैं। कौन जाने कल किसके साथ होंगे।बादल ने कहा कि सिद्धु हमेशा अपने राजनीतिक गुरू बदलते रहते हैं। पहले उन्होंने देश के वित्त मंत्री अरुण जेतली को अपना गुरू बनाया। फिर थोड़े दिनों के लिए उन्होंने अरविंद केजरीवाल उनके गुरू रहे। आजकल उनके गुरू राहुल गांधी उर्फ पप्पु हैं। यह वही राहुल गांधी हैं जिन्हें वह पप्पु बताया करते थे। राहुल गांधी वही परिवार है जिसने कभी श्री हरिमंदिर साहिब पर टैंकों और तोपों से हमला करवाया था। 

इसके बावजूद सिद्धु उसी राहुल गांधी का गुणगान कर रहे हैं। बादल ने कहा कि अपने राजनीतिक पिता बदलने वाले पर कोई यकीन कैसे कर सकता है। सिद्धु को तो पहले यह बताना चाहिए कि अमृतसर से तीन बार भाजपा सांसद होने के दौरान उन्हें पंजाब में कोई नशेड़ी नजर क्यों नहीं आया। तब तो वह अपनी जीत का श्रेय अकाली दल को दिया करते थे। उस दौर में सिद्धु ने कहा था कि अकाली दल के इस अहसान का बदला वह अपनी खाल उतरवा कर भी अदा नहीं कर सकते। बादल ने कहा कि सच तो यह है कि सिद्धु पंजाबी युवाओं की कीमत पर केवल राहुल गांधी को खुश करना चाहते हैं। समझ में यह नहीं आता कि वह झूठ बोल कर सिद्धु पंजाब के युवाओं का भविष्य खराब क्यों कर रहे हैं। 

उनके गुरू राहुल गांधी पहले ही ७० फीसदी पंजाबियों के नशेड़ी होने का बयान दे चुके हैं। जिसे कई सर्वेक्षणों और एजेसिंयो ने गलत साबित भी कर दिया है। इसके बावजूद सिद्धु अपने पप्पु राजा को खुश करने के लिए कुछ भी कहने और करने के लिए तैयार हैं। असल में वह मुख्यमंत्री बनने के लिए वह पप्पु के तलवे चाटने तक के लिए तैयार हैं। बादल ने कहा कि अमृतसर के लोगों ने सिद्धु को करीब से देखा और समझा है। सिद्धु यह बताने में असमर्थ हैं कि वह अमृतसर से इतना समय गायब कहां रहे। सिद्धु को बताना चाहिए कि भाजपा से इस्तीफा देने के सात महीने तक अमृतसर क्यों नहीं आए। सच तो यह है कि इस दौरान वह मुंबई में अपनी कमार्ई में जुटे थे। अब वह बीस दिनों के लिए पंजाब आए हैं और चुनावों के बाद फिर से अपने कॉमेडी शो के लिए वापस लौट जाएंगे।