5 Dariya News

पंजाब में कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करने को इंग्लैंड, कनाडा से आ रहे 400 से अधिक एन.आर.आई

दिल्ली से जत्थे को झंडी दिखा सकते हैं राहुल गांधी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 20-Jan-2017

इंग्लैंड और कनाडा में 400 से अधिक एन.आर.आइज़ ने पंजाब में कांग्रेस को समर्थन दिया है और वे चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी के साथ शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। इस क्रम में सप्ताह की आखिर तक नई दिल्ली से ए.आई.सी.सी उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा एक जत्थे को झंडी भी दिखाई जा सकती है।250 के करीब एन.आर.आइज़ इंडियन ओवरसीज कांग्रेस, इंग्लैंड के नेतृत्व में आगामी दो दिनों में पंजाब आ रहे हैं, जबकि कनाडा के अलग-अलग हिस्सों से 150 से अधिक अप्रवासी भारतीय भी कांग्रेस के चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।इस दिशा में इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (कनाडा) के अमरप्रीत औलख पहले ही भारत पहुंच चुके हैं और उन्होंने पार्टी को अपना समर्थन दिया है। औलख ने कहा कि कनाडा के एन.आर.आइज राज्य में जमीनी स्तर पर पार्टी के एजेंडे को आगे बढ़ाने हेतु कांग्रेस के प्रचार में सहायता करेंगे।इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (इंग्लैंड) के अध्यक्ष दलजीत सिंह सहोता ने ए.आई.सी.सी. के विदेशी मामलों संबंधी सैल के चेयरमैन डा. करण सिंह को लिखे एक पत्र में कहा है कि पंजाब के चुनावों में हिस्सा लेने हेतु इंग्लैंड से एन.आर.आइज आएंगे और यहां जोर-शोर के साथ कांगे्रस पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।

सहोता ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के संदेश को लोगों तक पहुंचाने हेतु एन.आर.आइज एक किराए की बस में एक से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और उन्होंने राहुल गांधी से 23 या 24 जनवरी को नई दिल्ली से बस को झंडी दिखाने की अपील की है।इसके अलावा, एन.आर.आइज की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में लोगों के साथ मिलकर पार्टी का संदेश पहुंचाने की योजना भी है। वह इस दौरान कांग्रेस के पंजाब के लिए विकास और तरक्की के एजेंडे के प्रति वोटरों को अवगत करवाएंगे।पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एन.आर.आई वर्ग द्वारा किए गए समर्थन का धन्यवाद किया है और इसे पार्टी के प्रचार व बादल नेतृत्व वाली भ्रष्ट शिरोमणि अकाली दल या आम आदमी पार्टी के रूप में बाहरियों से राज्य को बचाने हेतु कांग्रेस की कोशिशों में एक महत्वपूर्ण योगदान करार दिया है।