इनसो ने छात्रसंघ चुनाव करवाए जाने की मांग की, इनसो कॉलेज यात्रा पहुंची पेहवा
इनसो कार्यकर्ता बुधवार को कैथल में करेंगे सुरजेवाला के आवास का घेराव
5 Dariya News
पेहवा 17-Jan-2017
इनसो की ओर से शुरू की गई इनसो कॉलेज यात्रा के अंतर्गत आज कुरुक्षेत्र जिले के पेहवा कस्बे में इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इनेलो की छात्र इकाई इनसो न सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों के प्रति छात्रों को जागरूक करती है बल्कि सामाजिक गतिविधियों में भी बढ़-चढक़र भाग लेते हुए समाजसेवा में भी पीछे नहीं रहती। उन्होंने भाजपा सरकार से वादे के अनुसार छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाने और बेरोजगार युवाओं को रोजगार अथवा बेरोजगारी भत्ता देने, छात्राओं के लिए अलग से बस सेवाएं चालू करने और उसमें छात्राओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मी तैनात किए जाने की मांग करते हुए कहा कि नोटबंदी का सबसे ज्यादा असर गरीब, किसान, मजदूर, कर्मचारी व व्यापारी वर्ग पर पड़ा है। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि एसवाईएल के मुद्दे पर हरियाणा के खिलाफ स्टेंड लेने और पंजाब का घोषणा पत्र जिसमें कहा गया कि पंजाब का एक बूंद पानी भी हरियाणा सहित अन्य राज्यों को नहीं दिया जाएगा, जारी करने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के कैथल स्थित आवास का बुधवार को इनसो कार्यकर्ता घेराव करेंगे और कांग्रेस पार्टी व सुरजेवाला का पुतला जलाएंगे।इनसो नेता ने कहा कि वृक्षारोपण, रक्तदान, भ्रूण हत्या के प्रति लोगों में जागरुकता पैदा करने व नेत्रदान सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाला इनसो अकेला छात्र संगठन है जो अपने सामाजिक दायित्व को बाखूबी निभा रहा है।
छात्र नेता ने कहा कि नेत्रदान के मामले में इनसो ने न सिर्फ एक नया विश्व कीर्तिमान स्थपित किया बल्कि इनसो के इस नेत्रदान कीर्तिमान को गिनीज बुक ऑफ वर्ड रिकार्ड ने भी इसे विशेष स्थान दिया है। इनसो नेता ने कहा कि एक तरफ जहां भाजपा चुनाव से पहले छात्र संघ चुनाव करवाने के बड़े-बड़े वादे करती थी और प्रदेश के शिक्षा मंत्री ने छात्र संघ चुनाव करवाए जाने की घोषणा भी कर दी थी लेकिन सरकार द्वारा करवाए गए अंदरूनी सर्वेक्षण से जब यह बात सामने आई कि इन छात्र संघ चुनाव में छात्र-छात्राएं पूरी तरह से इनसो के साथ हैं तो सरकार ने चुनावों की घोषणा को ठण्डे बस्ते में डाल दिया। उन्होंने कहा कि इनसो छात्रों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार दिलवाने के लिए छात्रसंघ चुनाव करवाकर ही दम लेगी। उन्होंने सरकार पर स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने का वादा करके उससे पीछे हटने, पूर्व सैनिकों के लिए वन रेंक वन पेंशन सुविधा ठीक से लागू न करने, कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान व भत्ते देने और उन्हें नियमित करने की बजाय इन वायदों के विपरीत काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज समाज का हर वर्ग सरकार से बेहद परेशान है। इन बैठकों में दिग्विजय चौटाला के अलावा इनसो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जसविंदर खैरा, सुनील राणा व जिलाध्यक्ष बबलू सहित अनेक प्रमुख छात्र नेता मौजूद थे।