5 Dariya News

सड़कों का खराब डिजाइन हादसों की बड़ी वजह : सत्येंद्र जैन

5 Dariya News

नई दिल्ली 16-Jan-2017

देश में सड़क दुर्घटनाओं से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। देश में हर साल डेढ़ लाख लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में होती है जो आतंकवाद या युद्ध में होने वाली मौतों से कहीं अधिक हैं। अमूमन, सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही से गाड़ी चलाना बताया जाता है, लेकिन दिल्ली के परिवहन मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि इन दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह सड़कों का खराब डिजाइन होना है। जैन का मानना है कि देश का बुनियादी ढांचा काफी खस्ता हाल है। यहां-वहां फ्लाइओवर बना दिए गए हैं तो गलत जगह यूटर्न, ये सब 'आ बैल मुझे मार' जैसी स्थिति पैदा कर देते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से देश में 25वां सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सचेत किया जा रहा है।
आंकड़े बताते हैं कि देश में हर घंटे 15 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो रही है। देश में 2014 में सड़क दुर्घटनाओं में 1,39,000 लोगों की मौत हुई तो 2015 में इससे 1.46 लाख लोगों को जान गंवानी पड़ी और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस संदर्भ में सत्येंद्र जैन ने आईएएनएस को बताया, "सड़क दुर्घटनाओं के लिए लोगों की लापरवाही को कारण बताया जा रहा है। मसलन, शराब पीकर गाड़ी चलाना और यातायात के नियमों की अनदेखी करना, लेकिन एक प्रमुख कारण सड़कों का खराब डिजाइन भी है।"उन्होंने आगे कहा, "हमारे देश में सड़कें जिस तरह से बनी हैं, वह दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है। इसलिए सड़कों के निर्माण के समय अत्यधिक सतर्कता बरतने और नियमों का पालन करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सड़क निर्माण से जुड़ी कंपनियों और लोगों को नियमों की अनदेखी पर उसका खामियाजा उठाने को भी तैयार रहना चाहिए।"
'रोड टू सेफ्टी' कार्यक्रम में मौजूद सत्येंद्र जैन ने आईएएनएस को बताया, "शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के लिए नियमों में बदलाव की दरकार है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाना होगा। 1,000 या 2,000 के जुर्माने से कुछ होने वाला नहीं है। जब तक लोगों के मन में कानून को लेकर डर नहीं होगा, सुधार नहीं आएगा।" उन्होंने कहा, "हमने सड़क दुर्घटना में घायल शख्स की मदद करने वालों को 2,000 रुपये के ईनाम देने का ऐलान किया है। इससे अब लोग दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद करने में हिचकेंगे नहीं।" जैन ने सुरक्षा नियमों को कड़े करने का भी हवाला दिया।केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी सड़कों का खराब डिजाइन बनाने वालों को सजा भुगतने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दे चुके हैं। हर साल जनवरी में 'सड़क सुरक्षा सप्ताह' मनाने का उद्देश्य लोगों को सड़क यातायात सुरक्षा के बारे में जानकारी देना है। यह 17 जनवरी तक चलेगा।