5 Dariya News

मुख्यमंत्री का अपमान लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार : कमल शर्मा

बोले, कांग्रेस व आप चुनावों को बना रही हैं हिंसक

5 Dariya News

चंडीगढ़ 11-Jan-2017

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य श्री कमल शर्मा ने आज लंबी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल के साथ हुई अपमानजनक घटना की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार बताया है। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कमल शर्मा ने कांग्रेस व आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाया है कि उनकी गैर-जिम्मेवाराना राजनीति प्रदेश के चुनावों को हिंसक बना रही है।अपने ब्यान में कमल शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल एक व्यक्ति विशेष नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का संवैधानिक मुखिया व लाखों लोगों का प्रतिनिधि होता है। उनका सार्वजनिक अपमान पूरे प्रदेश की जनता का अपमान है। 

शर्मा ने कहा कि प्रकाश सिंह बादल केवल मुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि देश के सबसे व्योवृद्ध नेता हैं। देश में आपात्काल के दौरान लोकतंत्र को बचाने में उनकी भूूमिका राष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय रही है। इसके अतिरिक्त भी बादल न केवल इस देश के वरिष्ठ नागरिक अपितु सम्मानित नेता भी हैं। हमारी संस्कृति सदैव बड़ों का सम्मान करना सिखाती है न कि उन्हें अपमानित करना। मुख्यमंत्री  के रूप में उनका समर्थन या विरोध हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है परंतु उक्त घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी व आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाए हैं कि उनकी गैर-जिम्मेवाराना व उकसाऊ ब्यानबाजियों से प्रदेश की राजनीति मलिन व चुनावी प्रक्रिया हिंसक हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों व नागरिकों का दायित्व है।