5 Dariya News

इनसो कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में फूंके कांग्रेस पार्टी व रणदीप सुरजेवाला के पुतले

कहा, प्रदेश के खिलाफ स्टेंड लेकर कांग्रेस ने अपनी हरियाणा विरोधी सोच को दर्शाया, प्रदेश के हितों पर कुठाराघात किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगा: इनसो

5 Dariya News

चंडीगढ़ 11-Jan-2017

कांग्रेस पार्टी द्वारा एसवाईएल के मुद्दे पर हरियाणा के हितों के खिलाफ स्टेंड लेने और पंजाब का एक बूंद पानी भी हरियाणा को न देने के खिलाफ रोष जताते हुए इनेलो की छात्र इकाई इनसो के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी व पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के पुतले जलाए और कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इनसो के इस सांकेतिक प्रदर्शन का रोहतक में इनसो के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप देसवाल, कुरुक्षेत्र में इनसो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जसविंदर खैहरा, कैथल में राजू ढुल और पानीपत में जयदेव सहित अनेक प्रमुख इनसो नेताओं ने प्रो. रणधीर सिंह चीका की देखरेख में प्रदर्शन किए और कांग्रेस व उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता के पुतले जलाए। सिरसा में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के समक्ष इनसो चेयरमैन सौरव शर्मा की देखरेख में कांग्रेस का पुतला जलाया गया। प्रदर्शन में राजवीर जाखड़, अनमोल बाना, अंकुश वनसुधार, कुलविंद्र, विरेंद्र हांडा, सुखविंदर सिंह, जस्सी संधू व अजय चीमा सहित अनेक छात्र नेता मौजूद थे।

इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि पंजाब कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र जारी करते समय हरियाणा से कांग्रेस विधायक रणदीप सुरजेवाला और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा हरियाणा के हितों के खिलाफ स्टेंड लेकर यह कहना कि पंजाब किसी भी अन्य राज्य को एक बूंद भी पानी नहीं देगा। प्रदेश के हितों पर पूरी तरह कुठाराघात है और इनेलो व इनसो कार्यकर्ता इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे। इनसो नेता ने कहा कि सुरजेवाला सिर्फ हरियाणा से विधायक ही नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और उनके सहित पार्टी के अन्य राष्ट्रीय नेताओं द्वारा हरियाणा के हितों के खिलाफ लिया गया स्टेंड पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय स्तर पर स्टेंड माना जा रहा है।

इनसो अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी इस बारे तुरंत अपना स्टेंड स्पष्ट करे और हरियाणा के खिलाफ स्टेंड लेने वाले कैथल के कांग्रेस विधायक रणदीप सुरजेवाला तुरंत विधायक पद से इस्तीफा देकर प्रदेश को छोड़ जाएं अन्यथा हरियाणा में वे जहां कहीं भी किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने जाएंगे इनसो कार्यकर्ता उनका डटकर विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सांकेतिक प्रदर्शन के बाद इनसो कार्यकर्ता जल्दी ही कैथल में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन भी करेंगे जिसका नेतृत्व वे खुद दिग्विजय सिंह चौटाला करेंगे ताकि रणदीप सुरजेवाला को हरियाणा विरोधी स्टेंड लेने पर विधानसभा की सदस्यता व प्रदेश छोडऩे के लिए बाध्य किया जा सके या वे कांग्रेस आलाकमान से पंजाब के घोषणा पत्र के खिलाफ व हरियाणा के हितों के पक्ष में तुरंत बयान जारी करवाने के साथ-साथ अपनी गलती के लिए भी प्रदेशवासियों से माफी मांगे। उन्होंने कहा कि एसवाईएल हरियाणा की जीवनरेखा है और इसका पानी प्रदेश में लाकर ही इनेलो दम लेगी और नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में प्रदेशवासी 23 फरवरी से इस्माइलपुर से इसकी खुदाई का काम शुरू करेंगे।