5 Dariya News

कालेधन के नाम पर देश में जुल्म कर रही है भाजपा : मायावती

5 Dariya News

लखनऊ 03-Jan-2017

प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता के नशे में चूर है और उसकी सभी नीतियां उसके लिए प्रतिउत्पादक सिद्ध हो रहीं हैं। हाल यह है कि अब भाजपा काला धन तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के नाम पर देश में अत्याचार कर रही है। मायावती ने मंगलवार को यहां पत्रकार सम्मेलन में यह बातें कहीं। उन्होंने भाजपा पर किसान और गरीब विरोधी होने का आरोप लगाया।बसपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के नोटबंदी के फैसले के कारण कतारों में खड़े कई लोगों की मौत हुई। देश की अधिकांश जनता नोटबंदी से परेशान है। अब तो अच्छे दिन के आसार बहुत कम दिख रहे हैं। 

भाजपा का हर फैसला और नीति गरीब विरोधी है। मायावती ने कहा कि बगैर पूर्व तैयारी के नोटबंदी का फैसला किया गया। नोटबंदी के फैसले को देश के काले अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। बसपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री को काले धन के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर भी जवाब देना चाहिए। उन्हें कम से कम यह बताना चाहिए कि अब तक कितना कालाधन पकड़ा गया। बिना कोई जवाब दिए वह रोज नया-नया शिगूफा छोड़ रहे हैं। अब तो नोटबंदी के 50 दिन पूरे हो गए हैं, लेकिन जनता को राहत नहीं मिली है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया। अब भारतीय जनता पार्टी भी कांग्रेस की राह पर चल रही है। 

गत साल 31 दिसम्बर को प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए केवल घोषणाएं की थीं। यह सब खानापूर्ति है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव आसन्न होने पर उनको सब कुछ याद आ रहा है। प्रधानमंत्री ने ये घोषणाएं डेढ़ साल पहले क्यों नहीं कीं?मायावती ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के बीच मिलीभगत है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी परिवार के झगड़े पर कोई टिप्पणी नहीं की। मायावती ने कहा कि प्रदेश में दलित व मुस्लिम वर्ग के मतों से बसपा विजयी होगी। इसके अलावा पिछड़ा वर्ग के साथ सवर्ण जाति के लोग भी बसपा को वोट देंगे। इस परिस्थिति में कांग्रेस को वोट देना भी भाजपा को फायदा पहुंचाने जैसा ही है।