5 Dariya News

अखिलेश यादव ने फिल्म-टेलीविजन संस्थान की बुनियाद रखी

5 Dariya News

लखनऊ 27-Dec-2016

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को फिल्म-टेलीविजन एंड लिबरल आर्ट्स संस्थान का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने विकास के ढेरों काम किए हैं, दूसरे दलों ने कुछ किया ही नहीं तो वे बताएंगे क्या। मुख्यमंत्री ने कहा, "वे सपने देखते रहें, समाजवादी फिर लौटेंगे। पर काम और भाग्य साथ देगा, यह पता नहीं।" अखिलेश ने कहा कि लोकभवन में उनका यह आखिरी कार्यक्रम है। कार्यकर्ता ऐसा काम करें कि पार्टी अगली बार फिर सरकार में आए। अगली बार सरकार बनेगी और फिल्म संस्थान भी बनेगा। मुख्यमंत्री ने सपा परिवार में विवाद के बीच खुद की भूमिका पर इशारों में रोशनी भी डाली।

अखिलेश ने कहा कि अभी वीरेंद्र सैनी (फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान एफटीआई, पुणे के पूर्व डीन) कह रहे थे कि घर वालों को जो चीज पसंद नहीं थी, वह उन्हें करनी पड़ी, तब जाकर यहां पहुंचे। रविकिशन भी यह बात कह रहे थे। "..मन में है कि कहूं या न कहूं। अब यह बात यहीं छोड़ता हूं।" समझने वाले समझ गए होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपने नौजवान कार्यकर्ताओं की ऊर्जा को समझते हैं। उनके नौजवान कार्यकर्ता बहुत जोश में हैं। यहां बैठे लोग इनके जोश का कारण समझ सकते हैं।उन्होंने कहा, "विरोधी लोग कहते हैं कि हमने आधे-अधूरे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन कर दिया। अगर ऐसा न करते तो मार्च में कौन उद्घाटन करने देता? केंद्र की सरकार वालों ने तो ऐसा काम किया कि देशभर के लोगों को लाइन में लगा दिया है।"