5 Dariya News

विजय दिवस पर कर्ण सिंह ने फहराया तिरंगा

भूतपूर्व सैनिक भवन के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा, ढालपुर में आयोजित समारोह में भूतपूर्व सैनिकों ने लिया भाग

5 Dariya News

कुल्लू 16-Dec-2016

जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति के भूतपूर्व सैनिकों ने शुक्रवार को ढालपुर स्थित सीएसडी कैंटीन परिसर में 45वां विजय दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराया।समारोह में उन सभी शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। इस मौके पर भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह कहा कि पूरे राष्ट्र को भारतीय सेना पर गर्व है, इसलिए हमारे समाज में सैनिकों को विशेष सम्मान दिया जाता है। कर्ण सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं आरंभ की हैं, ताकि वे समाज में सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकें। इस अवसर पर कर्ण सिंह ने भूतपूर्व सैनिकों द्वारा बनाए जा रहे व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र भवन के लिए दस लाख रुपये देने की घोषणा भी की।समारोह में भूतपूर्व सैनिक कल्याण संघ के अध्यक्ष ने ब्रिगेडियर टीएस ठाकुर मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा भूतपूर्व सैनिकों व उनके परिजनों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित पूर्व सैन्य अधिकारियों और भूतपूर्व सैनिकों ने विभिन्न युद्धों के अपने अनुभव भी साझा किए।